सलमान खान के घर के बाहर 4 राउंड फायरिंग

CCTV फुटेज में दो बाइकर्स दिखे, लॉरेंस गैंग ने किया हमले का दावा

सलमान खान के घर के बाहर 4 राउंड फायरिंग

मुंबई : सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने रविवार सुबह 5 बजे फायरिंग की गई। दो बाइक से आए हमलावरों ने 4 राउंड फायर किए। जिस वक्त फायरिंग हुई, उस वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना के बाद महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने सलमान खान से फोन पर बात की। शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को सलमान की सिक्योरिटी बढ़ाने के लिए कहा है। एक्टर के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खान को लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया कि फायरिंग जिस बंदूक से की गई थी, वो 7.6 बोर की बंदूक थी। फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके से एक लाइव बुलेट मिली है। पुलिस ने आरोपियों की एक बाइक को भी जब्त कर लिया है। फोरेंसिक टीम इसकी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी राज्य के बाहर के हो सकते हैं और इनकी लंबाई 5 फीट 8 इंच हो सकती है। सलमान के घर के बाहर जितने भी CCTV कैमरे लगे थे, उनके DVR को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली है। ग्रुप के मेंबर अनमोल बिश्नोई ने एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें लिखा है कि आने वाले समय में भी सलमान पर हमला हो सकता है। हालांकि पुलिस की तरफ से इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने हमलावरों की पहचान करने के लिए आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले। पुलिस के हाथ एक CCTV फुटेज लगा है जिसमें आरोपी चेहरा ढंके हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना पर मुंबई के पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन ने कहा, ‘इस मामले को मुंबई पुलिस ने रजिस्टर्ड कर लिया है। इसकी तहकीकात क्राइम यूनिट कर रही है।’ बालकनी पर फोरेंसिक टीम को गोली के निशान मिले है। अब तक सलमान के घर पर दो गोली के निशान मिले हैं। एक बाहरी दीवार पर और दूसरा बालकनी की दीवार पर। इस मामले में मुंबई पुलिस ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के 4 वॉचमैन के बयान दर्ज किए हैं, जो घटना के समय वहां मौजूद थे। सलमान बीते 40 साल से अपने परिवार के साथ इसी घर में रह रहे हैं। अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर सलमान का घर है। वो यहां 1BHK L शेप अपार्टमेंट में अकेले रहते हैं। वहीं उनके पेरेंट्स 8 मंजिला गैलेक्सी अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं।