राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भारतीय जनता पार्टी घबराई : अभिजीत सिंह

कांग्रेस नेता अभिजीत लाल सिंह ने रविवार को गांव नौरंगाबाद में जनसंपर्क अभियान चलाया

राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भारतीय जनता पार्टी घबराई : अभिजीत सिंह

भिवानी।  राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से उत्साहित कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी का जनाधार मजबूत करने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता अभिजीत लाल सिंह ने रविवार को गांव नौरंगाबाद में जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए अभिजीत लाल सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की निरंतर बढ़ रही लोकप्रियता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित उनके मित्र मंडली के लोग भी घबरा गए है। इसीलिए वे राहुल गांधी व विपक्ष के अन्य नेताओं को घेरने का खूब प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि एक षडय़ंत्र के तहत पहले तो सूरत की अदालत से राहुल गांधी को मानहानि मामले में सजा सुनाई गई और इसके मात्र 26 घंटे भीतर ही उनकी लोकसभा से सदस्यता समाप्त करने का कार्य किया गया, यह लोकतंत्र पर कड़ा प्रहार है।

अभिजीत लाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस प्रकार के औच्छे हत्थकंडों से कदापि विचलित होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी-अड़ानी के संबंध क्या है और कैसे अड़ानी 609 नंबर से 2 नंबर पर आ गए, इसका जवाब फिलहाल तो राहुल गांधी पूछ रहे है, लेकिन कुछ दिनों बाद देश की 140 करोड़ की जनता भी यह सवाल पूछेगी। अभिजीत ने कहा कि प्रधानमंत्री को चाहिए कि वे अपने अच्छे दिनों का वायदा पूरा करें तथा आम आदमी को दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुओं में राहत दे, लेकिन यहां स्थिति एकदम विपरीत है। रसोई गैस पिछले 9 वर्षो में करीबन तीन गुणा महंगी हो चुकी है। जिस पैट्रोल को लेकर भाजपा सत्ता में आने से पहले धरने-प्रदर्शन करती थी, आज वही पैट्रोल-डीजल अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद महंगा है। सरकार विकास का नाम लेकर देश की जनता को बरगला रही है। किसानों को राहत देने की बात सरकार के हर छोटे-बड़े नेता करते रहे, लेकिन वर्तमान में किसानों की हालत क्या है, यह किसी से छिपी नहीं। बेरोजगारी युवाओं के लिए अभिशाप बन गई है। सरकार नीजिकरण पर जोर दे रही है, ताकि रोजगार के अवसर कम हो जाए। इस नीति से ना केवल देश क युवा भ्रमित होगा, बल्कि मानसिक रूप से प्रताडि़त भी होगा।