बिपरजॉय कच्छ से 140 किमीदूर, 8 बजे टकरा सकता है

कच्छ-सौराष्ट्र में भारी बारिश, 75 हजार लोगों को निकाला, राजस्थान-महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों में असर

बिपरजॉय कच्छ से 140 किमीदूर, 8 बजे टकरा सकता है

अहमदाबाद : गुजरात के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ रहा चक्रवात बिपरजॉय बेहद खतरनाक हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार यह सौराष्ट्र-कच्छ की तरफ बढ़ रहा है। यह गुरुवार रात 8 बजे तक कच्छ के जखौ पोर्ट पहुंच सकता है। इस दौरान हालात बेहद खराब हो सकते हैं। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि 2:30 बजे के अपडेट के मुताबिक, चक्रवात बिपरजॉय जखौ से करीब 140 किमी और द्वारका से 190 किमी की दूरी पर है। हवाएं 125-135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। आईएमडी गुजरात की वैज्ञानिक मनोरमा मोहंती ने शाम 5 बजे बताया कि चक्रवात बिपरजॉय जखौ से 110 किमी. की दूरी पर है। यह उत्तर पूर्व की ओर बढ़ते हुए कच्छ, सौराष्ट्र को पार करने वाला है। इसकी रफ्तार 115-125 किमी प्रति घंटा होने वाली है। शाम से आधी रात चक लैंडफॉल जारी रहेगा।

आईएमडी के मुताबिक, अगले तीन घंटों में गुजरात के द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, मोरबी, राजकोट, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर गिर सोमनाथ और कच्छ जिले में 5-15 मिमी/घंटा की रफ्तार से बारिश और 40 किलो प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात के अलावा 10 अन्य राज्यों में इस तूफान का असर देखा जा रहा है। इनमें राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, लक्षद्वीप, केरल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय शामिल हैं। यहां के कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है। गुजरात मौसम विभाग ने को बताया कि यह तूफान दक्षिणी अरब सागर में बनने के बाद गुजरात तट के करीब पहुंचने तक कई बार रास्ता बदलता रहा है। इससे इसकी तीव्रता में उतार-चढ़ाव आता रहा है। अभी इसकी तीव्रता खतरनाक है। गुजरात के प्रभावित 8 जिलों से 75 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। विभाग के मुताबिक, ‘यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान है। इसकी वजह से पेड़, छोटे मकान, मिट्टी और टीन के घरों को नुकसान हो सकता है। कच्छ और सौराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है।’

तूफान से जुड़े अपडेट्स

गुजरात के द्वारका में एनडीआरएफ की छह टीमों ने रूपेन बंदर के निचले इलाकों से 72 लोगों को रेस्क्यू किया है। इनमें 32 पुरुष, 25 महिलाएं और 15 बच्चें हैं। उन्हें एनडीएच स्कूल में शिफ्ट किया गया है। कमांडर कोस्ट गार्ड रीजन-नॉर्थ वेस्ट के इंस्पेक्टर जनरल ए.के. हरबोला ने बताया- हमने गुजरात में 15 जहाज और 7 एयरक्राफ्ट भी तैयार रखे हैं। शाम 6 से 8 बजे के बीच लैंडफॉल की संभावना के चलते 27 एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं। हम राज्य सरकार के संपर्क में हैं।

गुजरात के साथ महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी असर। इन इलाकों में एनडीआरएफ की 33 टीमें तैनात की गई हैं। कोस्ट गार्ड, आर्मी और नेवी की रेस्क्यू और रिलीफ टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। इन इलाकों में चक्रवात के गुजर जाने के बाद यातायात और बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए करीब 600 टीमें बनाई गई हैं।

गुजरात के आठ तटीय जिलों में 75 हजार लोगों को अस्थायी शिविर में ले जाया गया है। अकेले कच्छ जिले से 34 हजार से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। इसके बाद जामनगर में 10 हजार, मोरबी में 9,243, राजकोट में 6,089, देवभूमि द्वारका में 5,035, जूनागढ़ में 4,604, पोरबंदर में 3,469 और गिर सोमनाथ जिले में 1,605 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।

गुजरात के कच्छ जिले में धारा 144 लगा दी गई है। पश्चिम रेलवे ने चक्रवात संभावित क्षेत्रों में 67 ट्रेन रद्द की हैं, 25 के रूट बदले हैं।

पाकिस्तान में भी चक्रवात बिपरजॉय को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहां के मौसम विभाग के अनुसार आज सिंध के केटी बंदर से चक्रवात बिपरजॉय टकराएगा।

25 साल में जून में गुजरात से टकराने वाला पहला तूफान

बिपरजॉय पिछले 25 साल में जून महीने में गुजरात के तट से टकराने वाला पहला तूफान होगा। इससे पहले 9 जून 1998 को एक तूफान गुजरात के तट से टकराया था। तब पोरबंदर के पास 166 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली थी। बीते 58 साल की बात करें तो 1965 से 2022 के बीच अरब सागर के ऊपर से 13 चक्रवात उठे। इनमें से दो गुजरात के तट से टकराए। एक महाराष्ट्र, एक पाकिस्तान, तीन ओमान-यमन और छह समुद्र के ऊपर कमजोर पड़ गए।

पाकिस्तान में अब तक 80 हजार लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया

साइक्लोन बिपरजॉय का असर दक्षिणी पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भी होगा। ऐसे में प्रशासन ने तटीय इलाकों से 81 हजार लोगों को निकालकर ऊंचे इलाकों में राहत शिविरों में भेज दिया है। प्रशासन ने स्कूलों में 75 राहत शिविर बनाए हैं।

दक्षिण हरियाणा में ही असर : आज से 19 जून तक बारिश के आसार

बिपरजॉय चक्रवात का असर हरियाणा के सिर्फ दक्षिणी हिस्से के जिलों में ही दिखेगा। इसका असर आज से 19 जून तक सबसे ज्यादा दिखाई देगा। इस दिन दक्षिण हरियाणा के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी चंडीगढ़ मौसम विभाग ने जारी की है।

पंजाब : अमृतसर में 129.5एमएम पानी बरसा, 53 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

बिपरजॉय का असर पंजाब में भी दिखने लगा है। अमृतसर में बीते 24 घंटों में 129.5 रूरू बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिसने 30 जून 1970 को हुई 92.6एमएम बारिश का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। बिपरजॉय और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण राज्य में 18 जून तक बारिश के आसार हैं। अचानक बादल छाएंगे, बारिश होगी और अगले ही पल धूप खिलेगी। इससे उमस बढ़ेगी।

हिमाचल प्रदेश : आंधी का अलर्ट, आज भारी बारिश व ओलावृष्टि

गुजरात में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के बीच हिमाचल प्रदेश में भी आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। बिपरजॉय लगभग 145 किमी की रफ्तार से दोपहर तक सौराष्ट्र एवं कच्छ के तटीय क्षेत्र से टकराएगा। वहीं हिमाचल में 40 किलोमीटर तक प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी की चेतावनी दी गई है।

बिहार : मानसून ठहरा, अगले 5 दिन हीट वेव चलेगी

बिहार के कई जिलों में मानसून ने दस्तक जरूर दे दी है, लेकिन बिपरजॉय के कारण बारिश पर ब्रेक लगा है। मानसून पूरी तरह एक्टिव नहीं हो पा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में अगले 4 से 5 दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। तापमान 40 से 44 डिग्री के बीच रहेगा। 18 जून से मौसम में सुधार होने की संभावना है।

मध्य प्रदेश : रातें भी गर्म, दो दिन और तेज गर्मी

मानसून की एंट्री से पहले मध्यप्रदेश में दिन और रात दोनों ही तप रहे हैं। जून में खजुराहो में दिन का पारा 45 डिग्री के आंकड़े को छू चुका है, जबकि दतिया, दमोह टीकमगढ़, उमरिया, रीवा, नौगांव और ग्वालियर की रातें सबसे गर्म हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने 15 जून की रात में भी टेम्प्रेचर के बढऩे का अनुमान लगाया है। 

उत्तर प्रदेश : 10 जिलों में आंधी-बारिश, 16 में हीट वेव अलर्ट

यूपी में आंधी, हल्की बारिश के साथ ही हीटवेट का मौसम विभाग ने अलर्ट दिया है। पश्चिम यूपी के 10 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इन जगहों पर जहां हवा का दबाव बनेगा। वहां हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी यूपी के 16 जिलों में पारा 43एसी के पार जा सकता है। यहां हीटवेव का अलर्ट है।