द्रौपदी मुर्मु ने किए भगवान बदरी विशाल के दर्शन

श्रीमती मुर्मु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच, भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बुधवार सुबह 10ः20 बजे बदरीनाथ आर्मी हेलीपैड पहुंचे।

द्रौपदी मुर्मु ने किए भगवान बदरी विशाल के दर्शन

मोली/देहरादून:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को उत्तराखंड स्थित भू-बैकुंठ धाम पहुंचकर, भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। मंदिर में करीब 25 मिनट तक पूजा करते हुए उन्होंने देश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इससे पहले राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति की अगवानी की।

श्रीमती मुर्मु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच, भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बुधवार सुबह 10ः20 बजे बदरीनाथ आर्मी हेलीपैड पहुंचे। जहां राज्यपाल और मुख्यमंत्री, बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने उनका स्वागत किया। यहां से वह काफिले के साथ मंदिर पहुंची और मंदिर में बदरी विशाल की वेद पाठ एवं विशेष पूजा की। बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी एवं तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र, उपाध्यक्ष किशोर पंवार एवं अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को बद्री विशाल का प्रसाद एवं अंग वस्त्र भेंट किया।

श्री धामी ने मंदिर परिसर में राष्ट्रपति को भोजपत्र पर बनी बदरीनाथ मंदिर की प्रतिकृति, आरती और स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की। भू-बैकुंठ धाम की अलौकिक सुंदरता देख राष्ट्रपति अभिभूत दिखे। मंदिर से निकलते समय उन्होंने हाथ हिलाकर बदरीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मंदिर में पूजा दर्शन के बाद राष्ट्रपति बदरीनाथ से श्रीनगर के लिए प्रस्थान किया।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा धाम में सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए थे। साथ ही कन्टीजेन्सी प्लान के तहत गौचर में भी सभी व्यवस्थाएं की गई थी।