रोहित-यशस्वी के अर्द्धशतक, भारत चाय तक 182/4

कप्तान रोहित ने 143 गेंद पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 80 रन बनाए

रोहित-यशस्वी के अर्द्धशतक, भारत चाय तक 182/4

पोर्ट ऑफ स्पेन : कप्तान रोहित शर्मा (80) और यशस्वी जायसवाल (57) के अर्द्धशतकों से भारत ने वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को चाय तक चार विकेट के नुकसान पर 182 रन बना लिये। कप्तान रोहित ने 143 गेंद पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 80 रन बनाये, जबकि जायसवाल ने 74 गेंद पर नौ चौकों और एक छक्के के साथ 56 रन की पारी खेली। टॉस हारकर बल्लेबाज़ी करना भारत के लिये बेहद आसान साबित हुआ। विंडीज़ की चुनौती विहीन गेंदबाज़ी पर शुरुआत से ही हमलावर रहे जायसवाल ने छठे ओवर में अल्ज़ारी जोसेफ़ को एक चौका और एक छक्का जड़ा। इससे ठीक एक ओवर पहले रोहित भी केमार रोच को छक्का मारकर अपने हाथ खोल चुके थे।

भारत ने मात्र 12 ओवर में 50 रन का आंकड़ा छू लिया, जबकि रोहित ने 73वीं गेंद पर छक्का लगाकर अपना पचासा पूरा किया। भारत के 100 रन 21 ओवर में पूरे हुए और कुछ देर बाद जायसवाल ने भी 51वीं गेंद पर चौके के साथ दो पारियों में दूसरी बार 50 रन का आंकड़ा छुआ। जेसन होल्डर और जोमेल वारिकन ने सत्र समाप्ति से पहले भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया, जिसपर जायसवाल के लिये कप्तान रोहित के शब्द ‘आराम से खेल, कोई टेंशन नहीं’ स्टंप माइक में कैद हो गये। लंच से ठीक दो गेंद पहले जायसवाल आउट हो सकते थे, लेकिन पहली स्लिप में खड़े एलिक अथानाज़ होल्डर की गेंद पर उनका कैच नहीं पकड़ सके। पहले सत्र में भले ही भारत ने तेज़ी के साथ रन बटोरे, लेकिन विंडीज़ ने दूसरे सत्र में चार विकेट चटकाते हुए मज़बूत वापसी की। होल्डर ने शैनन गैब्रियल के साथ मिलकर रनगति पर लगाम लगायी और उन्हें इसका फल जायसवाल के विकेट के रूप में मिला। जायसवाल होल्डर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में पॉइंट पर खड़े फील्डर को कैच दे बैठे। केमार रोच ने कुछ देर बाद शुभमन गिल (10) को भी विकेटकीपर जोशुआ डा सिल्वा के हाथों कैचआउट करवा दिया।

विंडीज़ की कसी हुई गेंदबाज़ी के आगे विराट कोहली ने खाता खोलने के लिये 21 गेंद का समय लिया, जबकि शतक की ओर बढ़ रहे रोहित वारिकन की गेंद पर बोल्ड हो गये। भारत तीन विकेट के नुकसान पर चाय के लिये जा सकता था लेकिन गैब्रियल ने चाय से ठीक पहले अजिंक्य रहाणे (आठ) को बोल्ड किया। सिर्फ कोहली 18 रन के नाबाद स्कोर पर पवेलियन लौटे।