अलग अलग स्थानों पर घर में घुसकर दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व मारपीट

पुलिस ने दोनों मामलों में आधा दर्जन आरोपितों के खिलाफ किया केस दर्ज

अलग अलग स्थानों पर घर में घुसकर दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व मारपीट

यमुनानगर । जिले में अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों महिलाओं की शिकायत पर आधा दर्जन आरोपित लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपित फरार है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रादौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 40 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। जिसके बाद से उनके गांव का साधु सिंह, जगतार सिंह व बलकार सिंह उस पर गलत नजर रखने लगे। महिला ने बताया कि 25 जुलाई 2022 को दोपहर एक बजे वह अपने घर पर काम कर रही थी। इस दौरान तीनों आरोपित उनके घर पर आ गए। आरोपितों ने आते ही उसे बुरी नियत से पीछे से पकड़ लिया। उसके विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके शोर मचाने पर आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। महिला ने बताया कि डर व लोक लाज के कारण उसने घटना के बारे में किसी को नहीं बताया मगर इसके बाद से आरोपित फिर से उस पर गलत नजर रखने लगे। परेशान होकर उसने आरोपितों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

उधर, साढौरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 जनवरी को दोपहर ढाई बजे वह अपने घर पर थी। इस दौरान उनके गांव का ही अजय उसके घर पर आ गया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। उसके शोर मचाने पर आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। महिला ने बताया कि वह आरोपित की शिकायत लेकर उसकी मां बाला व पत्नी सुमन के पास गई मगर आरोपितों ने उसकी बात सुनने की बजाय उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित वहां से भाग गए। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।