‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’ 76वें दिन भिवानी पहुंची

कहा है कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है।

‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’ 76वें दिन भिवानी पहुंची

भिवानी - इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ 76वें दिन बुधवार को भिवानी पहुंची ।

इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने आज भिवानी में भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी (भाजपा-जजपा) की गठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। ..संतरी से लेकर मंत्री तक सभी प्रदेश की जनता को लूटने में लगे हैं... और मुख्यमंत्री से लेकर तमाम मंत्री तक बड़ी साफगोई से भ्रष्टाचार के मुद्दों को छिपाने में लगे रहते हैं।

श्री चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का जनसंवाद कार्यक्रम एक ढकोसला है। चूंकि इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री जिन लोगों से संवाद करते नजर आते हैं, असल में वे भाजपा के ही होते हैं और यदि कोई सामान्य नागरिक अपनी शिकायत रखता भी है तो फिर उसके साथ अभद्रता करते हुए उसे बाहर निकाल दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने आम लोगों के साथ-साथ अब जनप्रतिनिधियों के साथ भी बुरा बर्ताव करना शुरू कर दिया है और ये व्यवहार उनके अहंकार को दर्शाता है।

वहीं कांग्रेस में कई गुट बने हुए हैं और उनके नेता आपस में झगड़ रहे हैं। कांग्रेस में गुटबाजी भयंकर रूप से हावी है। लोगों ने दस साल का कांग्रेस का राज देखा जिसमें किसानों की जमीनों को सस्ते में खरीद कर बिल्डरों से सांठ-गांठ कर हजारों करोड़ कमाए। इसलिए प्रदेश की जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर किया था।

उन्होंने कहा कि किसान, कर्मचारी, व्यापारी और खिलाड़ी सभी अपनी जायज मांगों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलनरत हैं। उन्होंने दावा किया परिवर्तन पदयात्रा राज्य में एक नई क्रांति लाएगी और निश्चित तौर पर आगे इनेलो की सरकार बनेगी।