पार्टी कार्यकर्ता चुनावी मोड़ में आ जाएं : अजय सिंह

हरियाणा के उप - मुख्यमंत्री के रूप में दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के विकास को नये आयाम दिए हैं।

पार्टी कार्यकर्ता चुनावी मोड़ में आ जाएं : अजय सिंह
सोनीपत । जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी के कार्यकर्ता चुनावी मोड में आ जाएं। चुनावी वर्ष की शुरुआत हो चुकी है। इसलिए अब कमर कस कर मैदान में उतरना होगा। पार्टी के सभी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता पूर्ण तालमेल के साथ संगठन की मजबूती को और वृद्घि देने के लिए जुट जाएं। इसके लिए हर संभव प्रयास करें। अधिकाधिक लोगों को पार्टी से जोडऩे का काम करें। इसके लिए जरूरी है कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। अजय चौटाला सोनीपत में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
अजय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा के उप - मुख्यमंत्री के रूप में दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के विकास को नये आयाम दिए हैं। गठबंधन में रहते हुए उन्होंने अपने किये चुनावी वायदों को पूरा करवाया है। साथ ही गठबंधन धर्म को भी पूर्ण ईमानदारी के साथ निभाया है। आज भी गठबंधन मजबूती के साथ कायम है। आगामी लोकसभा तथा हरियाणा विधानसभा चुनावों में जीत का परचम लहराने के लिए लोगों तक अपनी बात पहुंचाएं। चौटाला ने कहा कि जजपा ही सच्ची जनहितैषी पार्टी है, जिसमें आम लोगों के हित सुरक्षित हैं। जजपा सबको साथ लेकर चलती है, जिसका उद्देश्य जनसेवा है। पार्टी की नीतियां लोगों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। जजपा की लोकप्रियता लगातार बढ़ोतरी की ओर अग्रसर है। उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जनप्रिय नेता के रूप में लोगों के दिलों में छाये हुए हैं। आम जनमानस को उनसे खासी उम्मीदें हैं, जिन्हें वे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ते।