महिलाओं को सशक्त बनाती है पीएमएवाई - मदन चौहान

सम्मान समारोह में पीएमएवाई की 41 महिला लाभार्थियों व सक्षम कर्मियों को मेयर ने किया सम्मानित, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नारी शक्ति सम्मान व पुरस्कृत कार्यक्रम का हुआ आयोजन

महिलाओं को सशक्त बनाती है पीएमएवाई - मदन चौहान

यमुनानगर।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को भाई कन्हैया साहिब चौक स्थित नगर निगम कार्यालय में नारी शक्ति सम्मान व पुरस्कृत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का लाभ उठाकर अपना आवास बनाने वाली 41 महिलाओं, विभिन्न उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं व सक्षम कर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मेयर मदन चौहान, डिप्टी मेयर रानी कालड़ा, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, चीफ इंजीनियर अशोक राठी, अधीक्षण अभियंता हेमंत कुमार आदि ने महिलाओं को पुरुस्कृत किया। सम्मानित होने वाली 41 वे महिलाएं थी, जिन्होंने अपने जीवन में संघर्ष करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की तीन किस्ते लेकर अपने मकानों का निर्माण किया।

मेयर मदन चौहान ने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाने और लैंगिक समानता के लिए प्रत्येक वर्ष आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं को जीवन में उच्चस्तर पर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पीएमएवाई मूल रूप से महिलाओं को सशक्त बनाता है और बेहतर भविष्य के लिए उनके सपनों और आकांक्षाओं को पंख देता है। मिशन के तहत निर्मित या अधिग्रहित घर परिवार की महिला मुखिया के नाम पर या संयुक्त नाम पर हैं। पीएमएवाई-यू आवास जीवन की गरिमा और विशेष रूप से सुरक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश के अंदर हर गरीब के सिर पर पक्की छत हो। जिससे वह स्वाभिमान के साथ जीवन व्यतीत कर सकें। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की हुई है।

पीएमएवाई सरकार की बहुत महत्वकांक्षी योजना है। जिसके तहत कच्ची छत व कच्चे मकान के नीचे जीवन यापन कर रहे लोगों के बेहतर एवं पक्के मकान बनाए जा रहे है। जरूरतमंद के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना काफी कारगर साबित हो रही है। सभी पात्रों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत लाभार्थी को एक लाख की पहली किस्त मकान की नींव रखे जाने के बाद, एक लाख की दूसरी किस्त मकान की दीवारें लेंटर तक पहुंचने पर लेंटर डालने के लिए और 50 हजार की तीसरी किस्त लेंटर डाले जाने के बाद दी जाती है।

उन्होंने कहा कि देश को सशक्त बनाने में महिलाओं का अहम योगदान है। आज किसी भी क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों से पीछे नहीं है। इस दौरान उन्होंने सक्षम महिलाओं की भी सराहना की। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि समाज के दो पंख है एक स्त्री व दूसरा पुरुष। यह दोनों पंख समान होंगे तभी समाज, देश व राष्ट्र का विकास होगा। उन्होंने कहा कि दृढ इच्छा शक्ति एवं शिक्षा ने नारी मन को उच्च आकांक्षाएं सपनों के सप्तरंग एवं अंतर्मन की परतों को खोलने की नई राह दी है। जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता निवास करते है। हर क्षेत्र में महिलाएं पुरूषों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं।