हेट इंडिया कैंपेन चला रहे हैं राहुल गांधी : अनिल विज

कहा, वे मोहब्बत के बाज़ार में नफरत के सौदागर बन गए हैं

हेट इंडिया कैंपेन चला रहे हैं राहुल गांधी : अनिल विज

चंडीगढ़ : कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मुस्लिम लीग को लेकर दिए गए बयान पर राजनीति तेज हो गई है। अपने अमेरिका दौरे के दौरान राहुल ने मुस्लिम लीग को राहुल ने धर्मनिरपेश बताया था। इसके बाद से भाजपा उनपर जबरदस्त तरीके से हमलावर है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने भी इसको लेकर राहुल गांधी की आलोचना की है। अनिल विज ने साफ तौर पर कहा कि राहुल गांधी हेट इंडिया कैंपेन चला रहे हैं। इसके अलावा भाजपा के तमाम नेताओं ने भी उनपर निशाना साथा है।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज अपने बयान में कहा कि राहुल गांधी को शायद यह पता नहीं है कि हिंदुस्तान आज़ाद हो चुका है और यहां की समस्याओं का समाधान यहां की सरकार ही करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार हेट इंडिया कैंपेन चला रहे हैं। वे मोहब्बत के बाज़ार में नफरत के सौदागर बन गए हैं।  उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह बहुत ही दुखद है। विदेशी धरती पर इस प्रकार की बयानबाज़ी करना देश बिल्कुल स्वीकार नहीं करेगा। 

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि मुस्लिम लीग को धर्मनिरपेक्ष कहना यह ज्यादा खतरनाक है...राहुल गांधी यह कहकर बंटवारे का बीजारोपण कर रहे हैं। कांग्रेस व राहुल गांधी के रूह में जिन्ना रहता है। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 2024 के चुनाव सामने हैं, वह (राहुल गांधी) जो कुछ भी कहना चाहते हैं, उन्हें यहां जनता के बीच आना चाहिए और बोलना चाहिए। वह विदेशी धरती पर देश का अपमान क्यों कर रहे हैं? उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी से केरल में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के साथ कांग्रेस के गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुस्लिम लीग पूरी तरह से धर्मनिरपेक्ष पार्टी है, मुस्लिम लीग के बारे में कुछ भी गैर-धर्मनिरपेक्ष नहीं है। आपको बता दें कि केरल में कांग्रेस का इंडियन मुस्लिम लीग पार्टी से गठबंधन है। हालांकि, राइटविंग मुस्लिम लीग पर आक्रामक रहता है। मुस्लिम लीग के लोकसभा में तीन सांसद हैं जबकि राज्यसभा में एक सांसद है। इसके अलावा उसके 15 विधायक हैं।