दक्षिणी दिल्ली से सहीराम पहलवान ने दाखिल किया पर्चा

वहां से कालकाजी, रविदास मंदिर होते हुए मेहरौली तक आठ किलोमीटर की आशीर्वाद यात्रा कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे

दक्षिणी दिल्ली से सहीराम पहलवान ने दाखिल किया पर्चा

नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी से इंडिया समूह के प्रत्याशी सहीराम पहलवान ने गाजे-बाजे के साथ आज दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। श्री सहीराम पहलवान ने पर्चा दाखिल करने से पहले पैतृक गाँव तेहखंड स्थित मंदिर पूजा कर बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। वहां से कालकाजी, रविदास मंदिर होते हुए मेहरौली तक आठ किलोमीटर की आशीर्वाद यात्रा कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। आशीर्वाद यात्रा के दौरान कई जगहों पर उनका भव्य स्वागत भी हुआ। इस दौरान उनके साथ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी के साथ अन्य वरिष्ठ नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान सुश्री आतिशी ने कहा कि भाजपा ने सोचा था कि वह अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेगी तो पार्टी प्रचार नहीं कर पाएगी लेकिन पार्टी का प्रचार करने के लिए हजारों अरविंद केजरीवाल दिल्ली की सड़कों पर उतर गए हैं। आज आम आदमी पार्टी प्रचार नहीं कर रही है बल्कि, दिल्ली के लोग हमारे लिए प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली के लोग हमें चुनाव लड़वा रहे हैं और दिल्ली के लोग ही हमें चुनाव जितवाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस बात का प्रमाण दे दिया है कि उनके सांसदों ने दिल्ली में 10 सालों में कोई काम नहीं किया इसलिए, अपने सांसद प्रत्याशियों को बदलना उसकी मजबूरी हो गई। पूरी दक्षिण दिल्ली की जनता को यह बात अच्छे से पता है कि भाजपा के सांसद अपने क्षेत्र में नहीं आते हैं और उनके लिए काम नहीं करते हैं। अगर उनके लिए कोई काम करता है तो वो अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी करती है। इस बार दिल्ली की जनता बेवकूफ बनने वाली नहीं है।

आप नेता ने कहा कि दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है कि जो दिल्लीवालों के बेटे, उनके भाई अरविंद केजरीवाल को झूठे केस में गिरफ्तार कर जेल में डाला है, दिल्ली की जनता उसको जवाब देने वाली है। इस बार दिल्ली की जनता सात में से एक भी सीट भाजपा को नहीं देगी और सातों सीटें इंडिया समूह के पास आएंगी। आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने इस मौके पर कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव 2019 और 2014 से अलग है। आज लोगों को डर है कि देश में प्रजातंत्र और चुनाव बचेगा या नहीं बचेगा। देश में संविधान और आरक्षण बचेगा या नहीं बचेगा। इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दक्षिणी दिल्ली से आम आदमी पार्टी से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सहीराम पहलवान ने तुगलकाबाद में 10 साल तक विधायक के रूप में सेवा की है और उससे पहले पार्षद रहे हैं। लोगों को उनका ट्रैक रिकॉर्ड पता है।

दक्षिणी दिल्ली से इंडिया समूह के उम्मीदवार सहीराम पहलवान ने कहा कि जिसने अपने क्षेत्र और समाज के लिए काम किया है, जनता उसके साथ जाएगी। इस बार के चुनावी नतीजे पिछली बार से उलट होंगे और भाजपा आखिरी पायदान पर खड़ी होगी। श्री केजरीवाल की कमी को आसानी से पूरी नहीं किया जा सकता, लेकिन उनकी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल जहां तक संभव है, उनकी कमीं को पूरा करने की कोशिश कर रही हैं। आज दिल्ली के लोग भाजपा के 10 साल के कुशासन के खिलाफ खड़े हैं और अरविंद केजरीवाल के 9 साल के विकास के साथ खड़े हैं।