शिंदे गुट पार्टी नहीं, मुर्गों का समूह है और कभी भी हलाल कर दिया जायेगा : राउत

शिंदे समूह के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भी आलोचना की

शिंदे गुट पार्टी नहीं, मुर्गों का समूह है और कभी भी हलाल कर दिया जायेगा : राउत

मुंबई : शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि शिंदे गुट एक पार्टी नहीं बल्कि मुर्गों का समूह और कभी भी हलाल कर दिया जायेगा।

श्री राउत ने यहां संवाददाता सम्मेलन में शिंदे समूह के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, अगर भाजपा शिंदे समूह को पांच लोकसभा सीटें देती है, तो भी यह बहुत अधिक है। पिछली लोकसभा में हमारे 19 सांसद थे। लोकसभा में हमारी संख्या स्थिर रही। उन्होंने कहा कि शिंदे समूह को 48 सीटों पर चुनाव लडऩा चाहिए।

आगामी 28 मई को नये संसद भवन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उदघाटन के मुद्दे पर शिवसेना नेता ने कहा कि यह विरोध के लिए विरोध नहीं है, बल्कि राष्ट्रपति और संविधान के सम्मान के लिए विरोध है। उन्होंने कहा कि उदघाटन के मौके पर राष्ट्रपति को आमंत्रित किया जाना चाहिए। निमंत्रण पत्रों पर नजर डालें तो इसमें उपराष्ट्रपति का नाम भी नहीं है।

उन्होंने कहा, राष्ट्रपति को क्यों नहीं बुलाया गया, इस पर कोई बात करने को तैयार नहीं है। यह कोई निजी घटना नहीं है। यह देश का कार्यक्रम है, राष्ट्रीय कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री को आगे आना चाहिए और चुप्पी तोडऩी चाहिए।