कांग्रेस के ट्वीट पर शिवराज ने दिया जवाब, भाजपा संगठन श्रेष्ठ

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी पर हमला बोलते हुए आज कहा कि भाजपा का संगठन श्रेष्ठ

कांग्रेस के ट्वीट पर शिवराज ने दिया जवाब, भाजपा संगठन श्रेष्ठ

भोपाल : मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी पर हमला बोलते हुए आज कहा कि भाजपा का संगठन श्रेष्ठ है।

चौहान ने अपने ट्वीट में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आज फिर स्तरहीन राजनीति का उदाहरण दिया है, जिसमें उन्होंने एक ट्वीट के जरिये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। श्री शर्मा पार्टी के समर्थ और कर्मठ कार्यकर्ता हैं, उनके परिश्रम और कुशल नेतृत्व से पार्टी मध्यप्रदेश में लगातार आगे बढ़ रही है। हमारा संगठन श्रेष्ठ है।

इसके पहले प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया गया था, जिसमें श्री शर्मा के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। पार्टी ने ये ट्वीट कल प्रदेश सरकार के दो मंत्रियों गोपाल भार्गव और गोविंद सिंह राजपूत की मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ मुलाकात के संदर्भ में किया था।

कांग्रेस ने अपने ट्वीट में कहा कि भाजपा की कलह खुलकर सामने आ गई है।

दरअसल कल श्री भार्गव और श्री राजपूत के साथ ही सागर जिले के दो विधायकों शैलेंद्र जैन और प्रदीप लारिया ने मुख्यमंत्री चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से मुलाकात की थी। इस संबंध में आज मीडिया में आई खबरों में कहा गया कि दोनों वरिष्ठ मंत्रियों ने जिले के अन्य विधायकों के साथ सागर के ही एक अन्य वरिष्ठ मंत्री भूपेंद्र सिंह से कथित तौर पर नाराजगी को लेकर ये मुलाकातें की हैं। इस मामले के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल का दौर शुरु हो गया है।