रूस के साथ कैदियों की अदला-बदली के तहत यूक्रेन के 100 बंदी रिहा

कैदियों में 20 महिलाओं भी शामिल, अधिकारियों ने दी जानकारी

रूस के साथ कैदियों की अदला-बदली के तहत यूक्रेन के 100 बंदी रिहा

कीव : रूस के साथ कैदियों की अदला-बदली के तहत 20 महिलाओं सहित यूक्रेन के 100 बंदियों को रिहा कर दिया गया। यूक्रेन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख एंड्री एर्मक ने सोमवार को बताया कि रिहा किए गए लोगों में यूक्रेन के सैनिक, राष्ट्रीय रक्षक और नौसैनिक और सीमा रक्षक शामिल है। उन्होंने टेलीग्राम पर लिखा कि रिहा किए गए लोगों में से कुछ घायल हैं और कुछ गंभीर रूप से बीमार हैं।

उन्होंने अदला-बदली समझौते के तहत यूक्रेन की ओर से रिहा किए गए रूसी सैनिकों की संख्या के बारे में कोई ब्योरा नहीं दिया। युद्ध बंदियों के इलाज के लिए समन्वय मुख्यालय ने बताया कि यूक्रेन ने गंभीर रूप से घायल पांच सैनिकों को जिनेवा समझौते के तहत रूस को सौंप दिया है। गौरतलब है कि मार्च 2022 से रूस के साथ कैदियों की अदला-बदली के तहत दो हजार अधिक यूक्रेनी कैदियों को रिहा किया गया है।