भाजपा-कांग्रेस के बीच पाकिस्तान प्रेम को लेकर छिड़ी जंग

कांग्रेस अपनी जन आक्रोश यात्रा का थीम सॉन्ग चलो-चलो पाकिस्तान से चुरा कर लाई है

भाजपा-कांग्रेस के बीच पाकिस्तान प्रेम को लेकर छिड़ी जंग

भोपाल : मध्यप्रदेश में आज भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से जुड़े एक गीत को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरु हो गया। दरअसल भाजपा की प्रदेश इकाई के कुछ नेताओं ने आज सुबह एक वीडियो जारी किया, जिसमें पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के प्रचार गीत के साथ कांग्रेस के प्रचार वीडियो को जोड़ कर दिखाया गया था। इसके साथ ही दावा किया गया कि कांग्रेस का प्रचार गीत ‘चलो-चलो’ इमरान खान की पार्टी के प्रचार गीत से प्रेरित है।

इन्हीं आरोपों के समर्थन में प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस अपनी जन आक्रोश यात्रा का थीम सॉन्ग चलो-चलो पाकिस्तान से चुरा कर लाई है। कमलनाथ के चलो-चलो के कारण ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार और साख चली गई थी। विधानसभा चुनाव में जनता भी कांग्रेस को चलो-चलो करने वाली है।

इसके जवाब में कांग्रेस के प्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रचार अभियान के मात्र एक गीत से ही बौखलाए भाजपाई। बात वो कर रहे हैं, जिनके मुखिया अपने शपथ समारोह में पाक के प्रधानमंत्री को आमंत्रित करते हैं। पाक के नाम का दुरुपयोग कर चुनावी लाभ के लिए सैनिकों की शहीदी करवाते हैं। जल्दबाजी में कुछ कहने के पहले अपनी पार्टी और नेताओं का चरित्र देख लिया कीजिए।