लाओस में सडक़ हादसे में 35 लोगों की मौत

611 लोग हुए घायल, साथ ही 589 वाहन क्षतिग्रस्त हुए

लाओस में सडक़ हादसे में 35 लोगों की मौत

वियनतियाने : लाओस में 11 से 17 अप्रैल तक नववर्ष की छुट्टियों के दौरान सडक़ दुर्घटनाओं में कुल 35 लोगों की मौत और 611 लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी गुरुवार को अधिकारियों ने दी। लाओस के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले यातायात पुलिस विभाग के उप प्रमुख खामलेक ज़ायसिथ ने एक संवाददाताओं से कहा कि नव वर्ष की छुट्टियों में पूरे देश में कुल 342 सडक़ दुर्घटनाओं में 35 लोगों की मौत हो गयी है और 611 लोग घायल हुए है। साथ ही 589 वाहन क्षतिग्रस्त हुए है। खामलेक ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं का मुख्य कारण शराब पीकर तेज गति से गाड़ी चलाना है। लाओस में नव वर्ष सबसे महत्वपूर्ण त्योहार होता है। कोविड-19 महामारी के कारण लगातार तीन वर्षों तक यह कार्यक्रम रद्द रहा, लेकिन इस वर्ष दक्षिण पूर्व एशियाई देश में लोगों ने नव वर्ष का जश्न मनाया। इस वर्ष, यातायात पुलिस विभाग ने छुट्टियों के दौरान सडक़ यातायात सुरक्षा में सुधार लाने के लिए योजनाएं तैयार की है और यातायात नियमों के उल्लंघन की निगरानी और रोकथाम के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया है।