जल शक्ति विभाग में चल रहे 600 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर - अग्निहोत्री

यह जानकारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को ठियोग परिधि गृह में जल शक्ति विभाग एवं परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दी।

जल शक्ति विभाग में चल रहे 600 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर - अग्निहोत्री

शिमला  - हिमाचल प्रदेश के ठियोग विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के अंतर्गत लगभग 600 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।

यह जानकारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को ठियोग परिधि गृह में जल शक्ति विभाग एवं परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी पेयजल परियोजना का निर्माण कार्य ठियोग विधानसभा क्षेत्र में किया जा रहा है। कोई 315 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन कुरपन खड्ड उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिसका निर्माण कार्य जून 2024 से पहले पूर्ण कर क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया जाएगा। परियोजना पर लगभग 245 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि परियोजना से क्षेत्र की 53 पंचायतें लाभान्वित होंगी। परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए विभाग प्रयासरत है जिसका निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि परियोजना की कुल लंबाई लगभग 22 किलोमीटर है जिसमे से आधे से अधिक का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि परियोजना के निर्माण कार्य में राष्ट्रीय हाईवे के साथ चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए 16 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है, जिसके उपरांत अब निर्माण कार्य में और अधिक तेजी आएगी।

उप मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को ठियोग क्षेत्र के लिए लुहरी डैम से सिंचाई परियोजना की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के निर्माण से क्षेत्र की लगभग 26 पंचायतें लाभान्वित होंगी। उन्होंने कहा कि ठियोग क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था पर कम कार्य किया गया है और इसी को ध्यान में रखते हुए ठियोग में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास किए जायेंगे ताकि क्षेत्र में लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ हो सके।

उन्होंने कहा कि अमृत मिशन के अंतर्गत 18 करोड़ रुपए ठियोग क्षेत्र में पेयजल योजनाओं के सुधारीकरण पर खर्च किए जायेंगे जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ठियोग में सीवरेज परियोजना का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है जिस पर अब तक लगभग सात करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को इस परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि इसे समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त ठियोग क्षेत्र में थाथल पेयजल परियोजना पर आठ करोड़ रुपए की राशि व्यय को जा रही है जिससे क्षेत्र की लगभग 13 पंचायतें लाभान्वित होंगी।