राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दी

राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय युवाओं का आहवान किया कि वे अमृत काल में एक महान दार्शनिक, विचारक और युवाओं के प्रेरणा पुंज, स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं, राष्ट्रीयता की भावना, देशभक्ति, विविधता में एकता और समावेशिता को आत्मसात करने का संकल्प लें।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दी

चंडीगढ़ - हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दी और युवाओं का आहवान किया कि वे अमृत काल में एक महान दार्शनिक, विचारक और युवाओं के प्रेरणा पुंज, स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं, राष्ट्रीयता की भावना, देशभक्ति, विविधता में एकता और समावेशिता को आत्मसात करने का संकल्प लें। राष्ट्रीय युवा दिवस देशभर में स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस के उपलक्ष में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि स्वामी जी एक सच्चे राष्ट्रवादी, महान हिंदू संत, आध्यात्मिकता तथा भारतीय संस्कृति के प्रतीक थे, जिन्होंने हिंदू दर्शन, योग, वेदान्त व आध्यात्म को विश्व में परिचित करवाया। उनकी आभा और तेज प्रभाव से अमेरिका सहित यूरोपीय देशों के लोग बड़ी संख्या में उनके शिष्य बन गए। स्वामी विवेकानंद जब भाषण करते थे तो श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देते थे। इस प्रकार से अपनी इस प्रभावीशैली से उन्होंने विदेशी युवाओं को अपना बना लिया था। स्वामी जी ने 1893 में शिकागो में विश्वधर्म संसद को सम्बोधित करते हुए सनातन परम्परा और सहिष्णुता से अवगत कराया था।

राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने सदैव युवाओं को सकारात्मक उर्जा के लिए प्रेरित किया और देश धर्म की रक्षा के लिए एकजुट होने का शंखनाद किया था। इससे युवा पीढ़ी स्वामी विवेकानंद जी को अपना आदर्श मानने लगी। इसी कारण स्वामी विवेकानंद जी का जन्मदिन देश में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत की पहचान हैं। हम उन्हें भुला नहीं सकते।