महिलाओं में योग्यता, धैर्य, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति है और इन गुणों के साथ वे पंचायत से लेकर संसद तक देश की सेवा कर रही हैं : कैलाशों

भारत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाबैन में भारत कोकिला सरोजिनी नायडू का जन्मदिन राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया गया

महिलाओं में योग्यता, धैर्य, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति है और इन गुणों के साथ वे पंचायत से लेकर संसद तक देश की सेवा कर रही हैं : कैलाशों

बाबैन- भारत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाबैन में  भारत कोकिला सरोजिनी नायडू का जन्मदिन राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र की पूर्व सांसद कैलाशो सैनी मुख्यातिथि थी व अध्यक्षता स्कूल की प्रिंसिपल सुनीता खन्ना ने की। इस अवसर पर कैलाशो सैनी और प्रिंसिपल सुनीता खन्ना ने सभी को महिला दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर प्रिंसिपल सुनीता खन्ना ने महिलाओं का महत्व बताते हुए कहा जिस प्रकार औरत के बिना घर का रख-रखाव व घर की व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं चल सकती उसी प्रकार अन्य क्षेत्रों में भी नारी का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि देश की नारी घर से अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही है जो महिलाओं के लिए गर्व की बात है। । उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के महत्व को शब्दों में बयान करना मुश्किल ही नहीं असंभव भी है।


इस अवसर पर महिलाओं का अभिनंदन करते हुए पूर्व सांसद कैलाशो सैनी ने समाज में महिलाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं  राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अग्रणी भूमिका निभाती रही हैं। महिलाओं में योग्यता, धैर्य, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति है और इन गुणों के साथ वे पंचायत से लेकर संसद तक देश की सेवा कर रही हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार से पंचायतों की तर्ज पर संसद व विधानसभाओं में भी महिलाओं को आरक्षण देने की मांग की है ताकि महिलाएं ज्यादा मजबूत हो सके और वे अपनी योग्यता से देश की ज्यादा सेवा कर सके। राष्ट्रीय महिला दिवस पर भारत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता और कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया जिसमें बच्चों के साथ-साथ स्कूल के अध्यापकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।