शिव भक्तों की मनोकामना हुई पूर्ण, पूजा-अर्चना कर उठायें धर्म लाभ : कविता

पूर्व मंत्री ने श्रीराम मंदिर में शिवालय जीर्णोद्घार के साथ करवाई मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, श्री गणेश पूजन से शुभारंभ करते हुए पूर्ण विधि-विधान के साथ किया गया समारोह का आयोजन

शिव भक्तों की मनोकामना हुई पूर्ण, पूजा-अर्चना कर उठायें धर्म लाभ : कविता
सोनीपत । हरियाणा की पूर्व केबिनेट मंत्री कविता जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में श्री राम मंदिर में शिवालय के जीर्णोद्घार के साथ मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा करवाई। श्रीराम मंदिर एवं अग्रवाल धर्मशाला के तत्वावधान में शिवालय जीर्णोद्घार एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह धूमधाम से मनाया गया। श्री गणेश पूजन के साथ शुभारंभ करते हुए पूर्ण विधि-विधान के साथ समारोह का आयोजन किया गया। हवन-यज्ञ में आहुति डालते हुए पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि यह शुभ अवसर है, जिसमें शामिल होना सौभाग्य की बात है। लोगों को बढ़-चढक़र इस प्रकार के आयोजनों में हिस्सा लेना चाहिए।
विशेष रूप से बच्चों को इनमें शामिल करना चाहिए, ताकि उनमें संस्कारों का निवेश हो और वे अपनी संस्कृति से परिचित हों। पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि नई पीढ़ी को संस्कृति से रू-ब-रू करवाते हुए उनमें संस्कारों का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। धार्मिक आयोजन इसके लिए बेहतरीन अवसर होते हैं। इससे धर्म लाभ भी मिलता है और संस्कृति का प्रचार-प्रसार भी होता है। साथ ही हमें अपने देवी-देवताओं के विषय में जानने का सुअवसर मिलता है और परंपराओं की जानकारी भी मिलती है। इस प्रकार परंपराओं का आदान-प्रदान होता है, जिससे परंपराएं सदैव जीवित रह सकती हैं। पूर्व मंत्री कविता जैन ने इस दौरान पूर्ण श्रद्घा व विश्वास के साथ पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने ईश्वर से कामना की कि वे अपनी कृपादृष्टि अपने भक्तजनों पर हमेशा बनाये रखें। भगवान भोलेनाथ सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। यहां आने वाले श्रद्घालुओं को कभी खाली हाथ नहीं जाना पड़ता। पूर्ण विश्वास और श्रद्घा के साथ मांगी गई हर कामना भगवान अवश्य पूर्ण करते हैं। उन्होंने कहा कि शिवालय के जीर्णोद्घार व मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा से श्रद्घालुओं में नये उत्साह का संचार हुआ है। इसे कायम रखें।