वैट वृद्धि पर पंजाब सरकार से सवाल करने का भाजपा के पास कोई नैतिक आधार नहीं - आप

पार्टी कार्यालय से सोमवार को जारी एक बयान में आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब सरकार पर सवाल उठाने से पहले भाजपा को जवाब देना चाहिए कि वह पंजाब के साथ भेदभाव क्यों कर रही है

वैट वृद्धि पर पंजाब सरकार से सवाल करने का भाजपा के पास कोई नैतिक आधार नहीं - आप

चंडीगढ़ - आम आदमी पार्टी (आप) ने वैट वृद्धि पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा के पास पेट्रोल और डीजल पर वैट बढ़ाने के लिए पंजाब सरकार से सवाल करने का कोई नैतिक आधार नहीं है क्योंकि केंद्र सरकार पंजाब के ग्रामीण विकास फंड (आरडीएफ), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन फंड और जीएसटी के हिस्से को रोक रही है जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।

पार्टी कार्यालय से सोमवार को जारी एक बयान में आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि पंजाब सरकार पर सवाल उठाने से पहले भाजपा को जवाब देना चाहिए कि वह पंजाब के साथ भेदभाव क्यों कर रही है। मोदी सरकार राज्य को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश क्यों कर रही है।

कंग ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2014 में जब श्री नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे, तब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बहुत अधिक थीं। आज कीमतें आधी हैं लेकिन भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतें पिछले कुछ वर्षों में दोगुनी हो गई हैं। क्या भाजपा भारत में बढ़ी कीमतों के पीछे का गणित समझा सकती है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सभी नेताओं को ग्रामीण विकास कोष, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कोष और पंजाब के जीएसटी के बारे में भाजपा से सवाल करना चाहिए,क्योंकि सारा पैसा पंजाब का है और राज्य के विकास के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए, लेकिन केंद्र सरकार इन फंड्स को जारी नहीं कर रही है। कंग ने कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है कि सुखबीर सिंह बादल जैसे नेता बीजेपी का समर्थन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा और मध्य प्रदेश की तुलना में पंजाब में पेट्रोल और डीजल सस्ता है, दोनों राज्यों में भाजपा और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। उन्होंने कहा कि आप की पंजाब सरकार राज्य के कल्याण के लिए लगन से काम कर रही है और हमारा एजेंडा पंजाब के लोगों को सर्वोत्तम सुविधाएं देना है।