पद का दुरुपयोग करने पर कैबिनेट मंत्री कटारूचक को बर्खास्त किया जाए - खैरा

खैरा ने शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिख कर कहा कि कटारूचक ने 29 मार्च, 2022 के आदेश के अनुसार गलत तरीके से अपने पुत्र रॉबिन सिंह को टेलीफोन अटेंडेंट, अपनी साली के पुत्र विकास देवीयाल को विशेष सहायक और करीबी राजनीतिक सहयोगी साहिल सैनी को कुक के रूप में नियुक्त किया।

पद का दुरुपयोग करने पर कैबिनेट मंत्री कटारूचक को बर्खास्त किया जाए - खैरा

जालंधर - पंजाब के भुल्लथ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने आम आदमी पार्टी (आप) की भ्रष्टाचार और नियमों के प्रति जीरो टॉलरेंस की विचारधारा की धज्जियां उड़ाकर पद का दुरुपयोग कर अपने रिश्तेदारों को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त करने वाले मंत्री लाल चंद कटारूचक को तत्काल बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की है।

खैरा ने शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिख कर कहा कि कटारूचक ने 29 मार्च, 2022 के आदेश के अनुसार गलत तरीके से अपने पुत्र रॉबिन सिंह को टेलीफोन अटेंडेंट, अपनी साली के पुत्र विकास देवीयाल को विशेष सहायक और करीबी राजनीतिक सहयोगी साहिल सैनी को कुक के रूप में नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि मंत्री ने अपने पुत्र को टेलीफोन अटेंडेंट के रूप में नियुक्त करने के अलावा, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) निवासी विकास देवीयाल को अपना विशेष सहायक नियुक्त करने के लिए सरकारी रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ की और उसका पता गलत तरीके से गांव कटारूचक डाकखाना फरीदा नगर तहसील और जिला पठानकोट में बदल दिया। उन्होंने कहा कि विकास देवीयाल हिमाचल प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र इंदौरा-7 के मतदान केन्द्र मोहतली के मतदाता क्रमांक 544 के रूप में पंजीकृत हैं। इसी तरह, उक्त साहिल सैनी, जो उनके करीबी राजनीतिक सहयोगी हैं और दिन-प्रतिदिन के संचालन को संभालते हैं, को उनके रसोइए के रूप में नियुक्त किया गया है।

विधायक ने मान से कहा कि ऐसा करके कैबिनेट मंत्री ने शासकीय अभिलेखों से छेड़छाड़ की है, सूचनाओं को गलत ढंग से प्रस्तुत किया है तथा उपर्युक्त तीन व्यक्तियों को नियुक्त करने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया है तथा आपके इस निर्देश का भी उल्लंघन किया है कि कोई भी निर्वाचित प्रतिनिधि अपने निकट सम्बन्धी को व्यक्तिगत कर्मचारी नियुक्त नहीं करेगा। उक्त अवैध कार्य के अलावा मंत्री ने लखबीर सिंह लाडी को ट्रक यूनियन दीनानगर का अध्यक्ष नियुक्त करवाया , जिस पर एन.डी.पी.एस. गंभीर प्रकरण संख्या 47/2018 थाना बेहरामपुर जिला गुरदासपुर में दर्ज किया गया, जिसके अनुसार उसके पास से नशीला पाउडर बरामद किया गया है।

खैरा ने कहा कि मंत्रियों से अपेक्षा की जाती है कि वे सार्वजनिक जीवन में नैतिकता और आदर्शों को बनाए रखें ताकि वे एक मिसाल कायम कर सकें लेकिन मंत्री ने न केवल कानून बल्कि सार्वजनिक जीवन में उच्च मानकों, जवाबदेही और पारदर्शिता को बढ़ावा देने वाली आम आदमी पार्टी की विचारधारा को भी नष्ट कर दिया है। उन्होंने अपने निजी लाभ के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया है और अपने साथियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी खजाने का इस्तेमाल किया है।

खैरा ने कहा,“ कटारूचक के खिलाफ दस्तावेजी आरोपों को ध्यान में रखते हुए मैं मांग करता हूं कि उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए और उन्हें गिरफ्तार कर तुरंत कैबिनेट से बर्खास्त किया जाए। न्याय और पारदर्शिता के हित में मार्च 2022 से सभी मंत्रियों और विधायकों द्वारा नियुक्त निजी कर्मचारियों के संबंध में आपकी सरकार को एक श्वेत पत्र लाना चाहिए। ”