मुख्यमंत्री ने करनाल के डबरी गांव में किया जन संवाद, मौके पर किया समास्याओं का समाधान

मुख्यमंत्री ने की डबरी गांव में दो एकड़ में व्यायामशाला, गांव के पार्क में जिम तथा गांव में एक लाइब्रेरी की स्थापना करने की भी की घोषणा

मुख्यमंत्री ने करनाल के डबरी गांव में किया जन संवाद, मौके पर किया समास्याओं का समाधान

करनाल - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को करनाल जिले के डबरी गांव में जनसंवाद के दौरान गांव के युवाओं द्वारा गांव में स्टेडियम न होने की बात पर गांव में  दो एकड़ में व्यायामशाला बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव के निकट कोई किसान पंचायती भूमि के बदले में जितना जल्दी दो एकड़ जमीन दे देगा, उतनी जल्दी व्यायामशाला का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने गांव में पार्क में जिम बनाने तथा एक लाइब्रेरी की स्थापना करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन कर ई गवर्नेंस अपनाते हुए ऐसा सिस्टम बनाया है जिससे अब लोगों को किसी भी कार्य के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। सब काम घर बैठे हो जाते हैं। परिवार पहचान पत्र बनने के बाद बार-बार अपने बारे में जानकारी देने की भी जरूरत नहीं पड़ती। चाहे जाति प्रमाण पत्र हो, निवासी प्रमाण पत्र हो सब ऑनलाइन एक क्लिक के माध्यम से प्राप्त होता है।


मुख्यमंत्री ने महिलाओं, बुजुर्गों और सरपंच द्वारा रखी गई सभी मांगों पर गंभीरता से कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सांझी खेवट की समस्या के समाधान एक लिए राज्य सरकार काम कर रही है।

नौकरियों के लिए अब नहीं चलती खर्ची-पर्ची

जन संवाद में मुख्यमंत्री ने लोगों से पारदर्शी तरीके से नौकरी मिलने के बारे में पूछा तो एक युवा ने बताया कि अब नौकरियों के लिए किसी सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ती। गांव के दो लड़के सरकारी सेवा के लिए चयनित हुए हैं। दोनों में से किसी को भी किसी सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों का जीवन सुखी हो, इसी ध्येय के साथ हमारी सरकार काम कर रही है।


60
वर्ष की आयु होते ही स्वयं शुरू हो जाती है बुढ़ापा पेंशन


मुख्यमंत्री ने कहा कि पीपीपी बनने से अब 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही अपने आप बुढ़ापा पेंशन शुरू हो जाती है। इसके लिए किसी को फॉर्म भरने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने से पहले पेंशन 1000 रुपये प्रतिमाह थी, जो आज बढ़कर 2750 रुपए हो गई है। जल्द ही इसमें और बढ़ोतरी होगी।


एक बुजुर्ग महिला ने पेंशन नहीं आने की समस्या बताई तो मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही चेक करवाया और समस्या का समाधान करने के आदेश दिए। एक अन्य महिला द्वारा राशन कार्ड कटने संबंधी शिकायत पर तत्काल उसका राशन कार्ड बनाने का आदेश दिया। साथ ही उनके परिवार की आमदनी की जांच करने के भी निर्देश दिए। श्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार का प्रयास है कि लोग स्वावलंबी बनें। इसके लिए लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के लिए कैंप लगाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को मजबूत करना है तो मुफ्त के झांसे में न आएं।


महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए अनेक कार्य


मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के प्रयासों से महिलाओं के अधिकारों का संरक्षण हुआ है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम किया गया है। यह हमारी सरकार के निर्णय का ही परिणाम है कि जनप्रतिनिधियों में आधी महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रूण हत्या को रोकने के लिए सख्ती की, जिससे बेटियों का लिंगानुपात बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब सब घरों में गैस सिलेंडर उपलब्ध है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर किसी घर में सिलेंडर नहीं है, उसके घर में 48 घंटे में सिलेंडर पहुंचा दिया जाएगा।


कबूतरबाजों के चक्कर में न पड़ें


गांव से काफी संख्या में युवाओं के विदेश जाने की बात सामने आने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कबूतरबाजों के चक्कर में न पड़ें। पाल नगर में चौपाल के लिए ग्रांट की बात रखे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही ग्रांट जारी कर दी जाएगी।
इस मौके पर नगर निगम की मेयर श्रीमती रेणु बाला गुप्ता, सीनियर डिप्टी मेयर राजेश अग्घी, कृष्ण गर्ग और उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया, एडीसी डॉ. वैशाली शर्मा, एसडीएम अनुभव मेहता, जिला परिषद के सीईओ गौरव कुमार मौजूद रहे।