मुख्यमंत्री गहलोत ने किया खेतड़ी लेपर्ड सफारी का वर्चुअल उद्घाटन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं विधायक डॉ जितेंद्र सिंह थे

मुख्यमंत्री गहलोत ने किया खेतड़ी लेपर्ड सफारी का वर्चुअल उद्घाटन

झुंझुनू : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज झुंझुनू जिले के खेतड़ी क्षेत्र को विश्व पर्यटन दिवस के मौके जयपुर से वर्चुअल उद्घाटन कर लेपर्ड सफारी की शुरुआत की है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं विधायक डॉ जितेंद्र सिंह थे। विशिष्ट अतिथि पालिका अध्यक्ष गीता सैनी, पर्यटन निदेशक देवेंद्र सिंह, डीएफओ आरके हुड्डा थे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गज सिंह अलसीसर ने की। 

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुये डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा खेतड़ी क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने में यह बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने खेतड़ी बांसियाल रिजर्व कंजर्वेशन में लेपर्ड सफारी शुरू कर खेतड़ी के विकास में गति देने का काम किया है। खेतड़ी के बाशिंयाल रिजर्व कंजर्वेशन को लेपर्ड सफारी पार्क नाम दिया गया है। इसमें वर्तमान समय में दो दर्जन से अधिक लेपर्ड, चिंकारा, भेडिय़ा, सियार, नीलगाय सहित अन्य वन्य जीव एवं अनेक तरह के पक्षी विचरण करते हैं। यह अभ्यारण 70 स्क्वायर किलोमीटर के एरिया में फैला हुआ है। इसमें अलग-अलग स्थान पर वॉच टावर, वाटर पॉइंट, व्यूप्वाइंट बनाकर इसे डेवलप किया गया है। अभ्यारण में जिप्सी के जरिए पर्यटक घूमकर क्षेत्र का दीदार कर सकेंगे। इस दौरान विधायक डॉ सिंह ने लेपर्ड सफारी क्षेत्र का भ्रमण किया और लेपर्ड सफारी अभ्यारण को विकसित करने के लिए विधायक कोष से 35 लाख रुपए देने की घोषणा की।