हिंदुओं को बदनाम करने की साजिश रच रही कांग्रेस : रामेश्वर शर्मा

श्री शर्मा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि जैसे-जैसे अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का समय आ रहा, कांग्रेस के प्राण निकल रहे

हिंदुओं को बदनाम करने की साजिश रच रही कांग्रेस : रामेश्वर शर्मा

भोपाल: मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस के विधायक जीतू पटवारी के बहाने समूची कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आज आरोप लगाया कि पार्टी हिंदुओं को बदनाम करने की साजिश रच रही है।
श्री शर्मा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि जैसे-जैसे अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का समय आ रहा, कांग्रेस के प्राण निकल रहे हैं। पहले कांग्रेस ने टीका लगाने वालों को आतंकवादी कहा, दिग्विजय सिंह ने हिंदू को धर्म मानने से ही इंकार कर दिया। उसी परंपरा पर चलते हुए अब पार्टी के विधायक जीतू पटवारी ने हिंदुओं के लिए नया शब्द 'नफरती हिंदू' दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई हमलों के बाद कांग्रेस ने भगवा आतंवाद शब्द गढ़ा था। अब इसके बाद कांग्रेस नया शब्द ले आई है। उन्होंने सवाल किया कि क्या हिंदू कांग्रेस को नफरती दिखते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राम मंदिर और श्री महाकाल के पोस्टर से भी शिकायत है। आखिर कांग्रेस किससे प्यार करती है। क्या ये हिंदुओं को बदनाम करने की साजिश नहीं कर रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को अगर हिंदुओं से इतनी नफरत है, तो पार्टी के नेता फिर चुनाव में टीका लगाना और मंदिर जाने का ढोंग क्यों करते हैं। इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करके नफरत तो कांग्रेस फैला रही है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के प्रभाव में कांग्रेस श्री राम के प्रभाव को ना भूले। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ से सवाल किया कि वे अयोध्या में रामलला के दर्शन करने कब गए और गंगा-नर्मदा में स्नान के लिए कब गए।
इंदौर से कांग्रेस विधायक श्री पटवारी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कह रहे हैं कि वे 'नफरती हिंदू' नहीं हैं।