किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा:धनखड़

श्री धनखड़ ने गुरुवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि किसान मंडियों में अपनी फसल आराम से बेच रहे हैं। बारिश और ओलावृष्टि से खराब फसल का नुकसान भी सरकार भर रही है।

किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा:धनखड़

चंडीगढ़ - हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों की मंडियों में आने वाली फसल का एक-एक दाना खरीदेगी।

श्री धनखड़ ने गुरुवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि किसान मंडियों में अपनी फसल आराम से बेच रहे हैं। बारिश और ओलावृष्टि से खराब फसल का नुकसान भी सरकार भर रही है। अब तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और आपदा प्रबंधन के तहत 9886.27 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को दिया गया है। प्रदेश के 26.49 लाख किसानों को इसका लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार बारिश के कारण बदरंग दाने का वैल्यू कट का भुगतान भी वहन कर रही है। वैल्यू कट का जो धन है, वह किसानों के खातों में जा रहा है।

विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुये प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के पास झूठ का भंडार है। इनके नेता मुंह खोलते हैं, तो धड़ाधड़ झूठ निकलता है। उन्होंने कहा कि अब झूठ की राजनीति के दिन लद चुके हैं। पिछली सरकारों ने किसानों की आंखों में केवल धूल झोंकने का काम किया है और उन्हें बरगलाकर उनके वोट हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 14 फसलों की खरीद करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। सरकार 367 मंडियों के माध्यम से गेहूं और धान के साथ तिलहन, बाजरा, मूंग और अन्य खाद्यान्न भी खरीद रही है।