हिमाचल में इस वर्ष पांच आईएएस अधिकारी होंगे सेवानिवृत्त

हिमाचल में 153 आईएएस अधिकारियों के पद स्वीकृत हैं और करीब 117 अधिकारी हिमाचल में सेवाएं दे रहे हैं। हिमाचल काडर के करीब 20 आईएएस अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं।

हिमाचल में इस वर्ष पांच आईएएस अधिकारी होंगे सेवानिवृत्त

शिमला - हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष पांच आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं जिससे राज्य में आईएएस अधिकारियों की कमी खल सकती है।

हिमाचल में 153 आईएएस अधिकारियों के पद स्वीकृत हैं और करीब 117 अधिकारी हिमाचल में सेवाएं दे रहे हैं। हिमाचल काडर के करीब 20 आईएएस अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं। पूर्व मुख्य सचिव और बिजली बोर्ड के चेयरमैन रामसुभग सिंह और जल शक्ति मंत्री अमिताभ अवस्थी इसी महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जबकि वित्त सचिव अक्षय सूद अगस्त और विद्युत सचिव राजीव शर्मा की अक्तूबर, पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप दिसंबर में सेवानिवृत्त होंगे।

इस वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों के पास कई बड़े महकमे हैं। अमिताभ अवस्थी काफी समय से जल शक्ति और बागवानी महकमा देख रहे हैं। कोरोना काल के समय में इन्हें स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया था। वहीं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राम सुभग सिंह पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल में मुख्य सचिव पद पर रहे हैं। भाजपा ने सत्ता में रहते हुए अंत में इन्हें हटाकर आरडी धीमान को मुख्य सचिव बनाया था। अब रामसुभग सिंह मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार और बिजली बोर्ड के भी चेयरमैन हैं। वहीं राजीव शर्मा को बिजली बोर्ड और आयुर्वेद विभाग का दायित्व सौंपा गया है। अक्षय सूद काफी समय से वित्त सचिव हैं। सेवानिवृत्त होने वाले सभी अधिकारी ऊंचे पदों पर हैं।

उल्लेखनीय है कि पांच साल तक अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाता है। कई बार अधिकारी प्रतिनियुक्ति का समय बढ़ा देते हैं या फिर छुट्टी पर चले जाते हैं। कुछेक अधिकारियों का प्रतिनियुक्ति पर जाने का समय भी पांच साल से ज्यादा हो गया है।