दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय मंडिय़ों की तरह बनेगी गन्नौर मंडी, जल्द टैंडर होगा अलॉट - कृषि मंत्री जेपी दलाल

किसान और खेती दोनों जोखिम फ्री हो इसके लिए निरंतर कार्य कर रही हरियाणा सरकार, प्राकृतिक खेती की तरफ बढ़े किसान, प्राकृतिक खेती की मंडियों और उत्पादों को सर्टिफाइड करने पर कार्य करेगी सरकार

दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय मंडिय़ों की तरह बनेगी गन्नौर मंडी, जल्द टैंडर होगा अलॉट - कृषि मंत्री जेपी दलाल
दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय मंडिय़ों की तरह बनेगी गन्नौर मंडी, जल्द टैंडर होगा अलॉट - कृषि मंत्री जेपी दलाल

करनाल। - हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि फ्रांस, हालैड जैसे देशों में स्थापित दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय मंडियों की तर्ज पर हरियाणा के गन्नौर में अंतरराष्ट्रीय सब्जी मंडी स्थापित की जाएगी। इसके लिए आने वाले दिनों में टैंडर अलॉट किए जाएंगे। इससे किसानों के उत्पाद विदेशों तक पहुचेंगे, इससे न केवल किसान की आमदनी बढ़ेगी बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार मिलेगा। कृषि मंत्री शुक्रवार को घरौंडा स्थित सब्जी उत्कृष्टता केंद्र में 9वें सब्जी एक्सपो-2023 में पहुंचे थे।

इस दौरान कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने सर्वप्रथम एक्सपो में पहुंचकर एक-एक स्टॉल का भ्रमण किया। उन्होंने यहां प्रगतिशील किसानों से बातचीत की और उनसे जुड़े उत्पादों की जानकारी ली। इसके साथ-साथ खेती व किसानों से जुड़ी कंपनियों के स्टॉल पर लगे उत्पादों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने प्रगतिशील किसानों को और मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद मुख्य मंच से किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें पेस्टिसाइड के इस्तेमाल को कम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान प्राकृतिक खेती की शुरूआत करें, पहले 1-1 एकड़ या इससे कम में खेती शुरू करें, जीवामृत व घनामृत से प्राकृतिक खेती करें। इसके लिए हरियाणा सरकार सब्सिडी भी दे रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को सर्टिफाइड करने और उसके लिए अलग से मंडियां स्थापित करने के लिए सरकार कार्य कर रही है। इसके लिए भविष्य में जरुर अच्छे कदम उठाए जाएंगे।

प्रगतिशील किसानों से सीखें अन्य किसान, बढ़ाएं आमदनी

कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि उन्होंने 9वें सब्जी एक्सपो-2023 में भ्रमण किया, यहां 22 जिलों के किसानों के स्टॉल लगे हुए थे। इनमें से ज्यादातर किसान अच्छी आमदनी ले रहे हैं। इन किसानों से अन्य किसानों को भी सीखना चाहिए और बागवानी क्षेत्र में आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे परंपरागत खेती छोड़कर बागवानी की तरफ बढ़ें। जितनी सुविधाएं हरियाणा सरकार द्वारा किसानों को दी जा रही है, उतनी सुविधा अन्य पड़ोसी राज्यों में नहीं दी जा रही। किसान इसका ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाए। उन्होंने कहा कि किसान खेती को हल्का कारोबार न समझे। किसान की मेहनत की बदौलत आज देश में अन्न के भंडार भरे हैं। कई देशों में इन दिनों आटे तक की किल्लत है, लेकिन हमारे किसान की मेहरबानी से प्रदेश ही नहीं देश में भी अनाज की प्रचूर मात्रा उपलब्ध है।  

आज किसान को भी मिल रहा पद्मश्री सम्मान

कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि आज हमारे लिए गर्व की बात है कि किसान को भी पद्मश्री सम्मान मिल रहा है। भारत एक कृषि प्रधान देश है, यहां ज्यादा किसानों को पद्मश्री मिलना चाहिए। उन्होंने किसानों को बागवानी, मशरूम उत्पादन, डेयरी, मछलीपालन, झींगा पालन आदि की तरफ बढ़कर अपनी आमदनी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसान और खेती दोनों का जोखिम कम करने पर काम कर रही है, तभी अलग-अलग स्कीमें चलाई जा रही है। हरियाणा सरकार ने भावांतर भरपाई योजना से किसानों को लाभ पहुंचाया है। इस साल इस योजना के अंतर्गत 24 करोड़ रुपये किसानों को दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त कृषि बजट को भी लगातार बढ़ाया गया है। किसानो के लिए जितना किया जा सकता है, मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में किया जा रहा है।

नैनो यूरिया का इस्तेमाल करें किसान

कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि किसान नैनो यूरिया का इस्तेमाल करें। यह यूरिया भारत में निर्मित है। इससे किसानों को फायदा हो रहा है। पिछले वर्ष 16 लाख नैनो यूरिया की बोतल किसानों ने खरीदी थी, इस वर्ष अभी तक 14 लाख बोतल की खरीद की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसान के हित में नई-नई योजनाएं लेकर आ रही है। आज पराली प्रबंधन पर सब्सिडी दी जा रही है। किसान को ट्रैक्टर पर सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने किसानों को ड्रोन आदि की नई-नई तकनीक से खेती करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल उत्पादन में वृद्धि होगी बल्कि समय की बचत भी होगी।  

परंपरागत खेती से हटकर खेती के नए रास्ते अपनाकर आमदनी बढ़ाए किसान- विधायक हरविंद्र कल्याण

घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण ने कहा कि किसान परंपरागत खेती छोड़कर खेती के नए रास्ते अपनाए, इससे आमदनी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज प्रगतिशील किसान जो एक्सपो में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने पहुंचे हैं, उन्होंने एक नई शुरूआत की और कामयाबी हासिल की। उन्हीं की तर्ज पर अन्य किसानों को भी आगे आना चाहिए। विधायक हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सरकार किसानों और खेती के लिए बहुत गंभीर है। आज कृषि बजट में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने इजाफा किया है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्राकृतिक उत्पादों की बहुत मांग रहेगी, ऐसे में किसान प्राकृतिक खेती करके अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। उन्होंने कृषि विभाग को भी किसान के उत्पादों की मार्किटिंग पर जोर देने की बात कही।

2004-05 में शुरू हुआ बागवानी का मिशन आज बढ़ रहा कामयाबी की ओर- अर्जुन सिंह

बागवानी विभाग के महानिदेशक डॉ अर्जुन सिंह सैनी ने कहा कि उनके लिए यह बड़ी खुशी की बात है कि कोरोना महामारी के बाद इतने बड़े स्तर पर बागवानी एक्सपो आयोजित किया गया है। इस तकनीक को प्रदर्शित करने का उद्देश्य किसानों को लाभ पहुंचाना है, ताकि वह इससे प्रेरित होकर इस तरफ बढ़ सके और अपनी आमदनी में इजाफा कर सकें। उन्होंने कहा कि 2004-05 में शुरू हुआ बागवानी का मिशन आज कामयाबी की ओर बढ़ रहा है। हरियाणा सरकार निरंतर कृषि व बागवानी बजट में इजाफा कर रही है। इससे किसानों को लाभ मिल रहा है। आज बीज की बुआई से लेकर उत्पाद के उपभोक्ता तक पहुंचने तक की कडिय़ों के लिए हरियाणा सरकार द्वारा किसान को सब्सिडी दी जा रही है। इससे निश्चित रूप से किसान को फायदा हो रहा है।

इस अवसर सभी जिलों के किसानों को कृषि मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस दौरान घरौंडा की एसडीएम अदिति, रजिस्ट्रार अजय यादव, सब्जी उत्कृष्टता केंद्र के उपनिदेशक डॉक्टर सुधीर यादव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी व किसान मौजूद रहे।