महाराष्ट्र: मुख्यमंत्री शिंदे ने जरांगे से 'मुंबई मार्च' न करने की अपील की

मराठा समुदाय के लोगों को कुनबी प्रमाणपत्र दिया जाए

महाराष्ट्र: मुख्यमंत्री शिंदे ने जरांगे से 'मुंबई मार्च' न करने की अपील की

महाराष्ट्र :  मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे से मुंबई की ओर न बढ़ने की अपील की और इस बात पर जोर दिया कि मुद्दे पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग काम कर रहा है।

जरांगे शनिवार को जालना जिले में अपने गांव अंतरवाली सराटी से निकले थे। उन्होंने घोषणा की है कि वह लाखों समर्थकों के साथ मुंबई पहुंचेंगे और मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे।

जरांगे की मांग है कि राज्य में मराठा समुदाय के लोगों को कुनबी प्रमाणपत्र दिया जाए, ताकि समुदाय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण का लाभ उठा सकें।

शिंदे ने यहां पत्रकारों से कहा, राज्य सरकार ने महाराष्ट्र राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को अपने काम में तेजी लाने और राज्य सरकार को रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मराठा आरक्षण पर निर्णय लेने के लिए फरवरी में विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित करने की भी योजना बनाई है। उन्होंने जरांगे से मुंबई की ओर न बढ़ने की अपील की।