पाप के बाद कुदरत झाड़ू चलाता है', अरविंद केजरीवाल बोले- लोकतंत्र से खिलवाड़ कर रही भाजपा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इनका (भाजपा) बस चले तो चुनाव ही ना होने दें और अगर कोर्ट के जरिए हमने चुनाव करवा भी लिए

पाप के बाद कुदरत झाड़ू चलाता है', अरविंद केजरीवाल बोले- लोकतंत्र से खिलवाड़ कर रही भाजपा

दिल्ली : मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अन्य पार्टी नेताओं के साथ चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

अरविंद केजरीवाल चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित "धोखाधड़ी" को लेकर भाजपा पर वार करते हुए 'शर्मनाक' बताया। उन्होंने कहा कि अक्सर आरोप लगते थे कि भाजपा चुनाव गड़बड़ करके जीतती है। हम सुना करते थे कि भाजपा फर्जी वोट पड़वाती है लेकिन कभी सबूत नहीं मिला।

भाजपा पर वार जारी रखते हुए केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ का चुनाव दिखाता है कि इनके (भाजपा) पाप का घड़ा भर गया था। जब पाप का घड़ा भर जाता है तो प्रकृति अपनी झाड़ू चलाती है।

केजरीवाल ने नारा लगवाया, गली गली में शोर है, भाजपा वोट चोर है! उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा लोकतंत्र से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली कर सकती है, तो कल्पना करें कि वह विधानसभा, लोकसभा चुनावों में क्या कर सकती है। 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इनका (भाजपा) बस चले तो चुनाव ही ना होने दें और अगर कोर्ट के जरिए हमने चुनाव करवा भी लिए तो उसका निर्णय ऐसे ही होगा। फिर इतना पैसा क्यों खर्च किया जाता है? उन्होंने कहा कि देश में चुनाव करवाने के लिए सीधा ही तानाशाही करार कर दी जाए... अगर 2024 में किसी तरह ये(भाजपा) आ गए तो नरेंद्र मोदी का नाम नरेंद्र मोदी नहीं रहेगा बल्कि नरेंद्र पुतिन बन जाएगा।

आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल, उप महापौर आले मोहम्मद इकबाल और विधायकों और पार्षदों सहित उसके कुछ नेताओं को भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ उनके विरोध प्रदर्शन से पहले नजरबंद कर दिया गया है।

दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आप विधायकों और पार्षदों को घर में नजरबंद कर दिया गया या हिरासत में ले लिया गया, जबकि इसके स्वयंसेवकों को भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन में भाग लेने से रोक दिया गया।