रोहड़ू विस क्षेत्र के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी - सिंह

श्री सिंह सोमवार को रोहड़ू के इंदिरा गाँधी स्टेडियम समाला में ग्रीन हिमालया फाउंडेशन द्वारा आयोजित खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर रहे थे।

रोहड़ू विस क्षेत्र के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी - सिंह

शिमला  - हिमाचल के लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

श्री सिंह सोमवार को रोहड़ू के इंदिरा गाँधी स्टेडियम समाला में ग्रीन हिमालया फाउंडेशन द्वारा आयोजित खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है और आने वाले समय में इस क्षेत्र में चल रहे विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों के सुधारीकरण के लिए विभागीय अधिकारीयों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ठेकेदारों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है और किसी भी प्रकार की कोताही सेहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी सेब सीजन के मद्देनजर सेब बहुलिय क्षेत्र में सड़कों का रखरखाव सुनिश्चित किया जा रहा है। पराला मंडी में छैला के पास सड़क का काम चला हुआ है उसे भी गति देने के लिए अधिकारीयों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, ठियोग बाईपास का कार्य भी 30 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि चियोग से फागु सड़क के लिए 30 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है और इसका फायदा इस क्षेत्र के लोगों को भी मिलेगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का तीसरा चरण जल्द शुरू होने जा रहा है और उसे लगभग 2800 करोड़ रूपए से प्रदेश की 2400 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव होगा। उन्होंने कहा कि सेब की खेती करने वालों को सरकार ने राहत प्रदान करते हुए सेब की पेटी के दाम भी कम किए हैं।