अब माह में दो बार मेयर हाउस पर लगेगा जनता दरबार-मदन चौहान

मौके पर होगा समस्याओं का समाधान, माह के पहले व तीसरे मंगलवार को अधिकारियों की मौजूदगी में सुनी जाएंगी समस्याएं, प्रॉपर्टी आई अब डोर टू डोर ऑब्जेक्शन किए जाएंगे ठीक

अब माह में दो बार मेयर हाउस पर लगेगा जनता दरबार-मदन चौहान

यमुनानगर।जनता की समस्याओं के समाधान के लिए अब माह के पहले व तीसरे मंगलवार को मेयर हाउस पर खुला दरबार लगाया जाएगा। खुले दरबार में नगर निगम कमिश्नर आयुष सिन्हा, अतिरिक्त निगमायुक्त धीरज कुमार, उप निगमायुक्त अशोक कुमार व सभी शाखाओं के इंचार्ज उपस्थित रहेंगे। जिनके माध्यम से दरबार में आने वाली समस्याओं का मौके पर निवारण करने का प्रयास किया जाएगा। जिन समस्याओं के समाधान में कोई कानूनी पेंच या अन्य अड़चन होंगी, उन्हें संज्ञान में लेकर जल्द निवारण करने का प्रयास किया जाएगा। यह जानकारी मेयर मदन चौहान ने बुधवार को मेयर हाउस पर आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले मंगलवार को सुबह 10 बजे जनता दरबार लगाया जाएगा। इसमें निगम के सभी अधिकारी व सभी ब्रांचों के इंचार्ज दरबार में रहेंगे। दरबार में प्रॉपर्टी आई, फैमिली आईडी, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई, सड़क, नालों के निर्माण व निगम संबंधित अन्य समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। इसके अलावा जो समस्याएं रह जाएंगी, उनका समाधान 15 दिन के भीतर निवारण करने का प्रयास किया जाएगा। जनता दरबार का आयोजन मेयर हाउस पर किया जाएगा। इसके अलावा प्रॉपर्टी टैक्स, बिल्डिंग प्लान व नगर निगम के अन्य कार्यों को भी हमने तीन भागों में बांटने का काम किया है। वार्ड एक से सात तक जगाधरी नगर निगम कार्यालय, वार्ड आठ से 15 तक शहीद भगत ‌सिंह चौक स्थित कार्यालय व वार्ड 16 से 22 तक के लोगों के कार्य भाई कन्हैया साहिब चौक ‌स्थित कार्यालय में किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के हर वार्ड में 10 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य किए जा चुके है। करोड़ों रुपये के विकास कार्य अभी होने है। जिनके टेंडर लगाए जा रहे है।

डोर टू डोर ऑब्जेक्शन लेकर ठीक करेंगै 

मेयर चौहान ने कहा कि हम चार दिन बाद डोर स्टेप का टेंडर अलॉट करने वाले है। इसके तहत एजेंसी के कर्मी डोर टू डोर जाएंगे। प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित ऑब्जेक्शन लेने का काम करेंगे। इसके बाद इन ऑब्जेक्शन को ठीक करने का काम किया जाएगा। एजेंसी द्वारा यह कार्य 60 दिन में करना होंगा। निर्धारित समय में काम पूरा न करने पर उस पर पांच हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से पेनल्टी लगाई जाएगी। मेयर चौहान ने कहा कि हम जल्द ही प्रॉपर्टी टैक्स व अन्य कार्यों के लिए 25 सीएफसी खोलने का कार्य करने वाले है। जिससे लोगों को उनके घर के नजदीक की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा प्रॉपर्टी आईडी संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए हमने मेयर हाउस पर दो कंप्यूटर ऑपरेटर बिठाए हुए है। जो लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे है।