नगर निगम सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में कांग्रेस ने बाज़ी मारी

वार्ड नं 9 से निगम पार्षद राजीव सरोहा बने सीनियर डिप्टी मेयर, वार्ड नं 18 से निगम पार्षद मंजीत गहलावत बने डिप्टी मेयर, निगम पार्षदों की एकजुटता से निकली जीत की राह : मेयर निखिल मदान

नगर निगम सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में कांग्रेस ने बाज़ी मारी

सोनीपत। सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में नगर निगम सोनीपत के सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें दोनों पदों पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी हुए। वार्ड नं 9 से निगम पार्षद राजीव सरोहा, वार्ड नं 8 से भाजपा प्रत्याशी पार्षद पुनीत राई को हराकर सीनियर डिप्टी मेयर बने। वार्ड नं 18 से कांग्रेस पार्षद मंजीत गहलावत ने मुकेश सैनी को हराकर डिप्टी मेयर का पद हासिल किया।

कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों को 11-11 मत मिले। वहीं दोनो भाजपा पार्षदों को 10-10 वोटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव उपरांत मेयर निखिल मदान ने कहा कि आज की जीत कांग्रेस पार्षदों की एकजुटता का परिणाम है, जिन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिए गए संदेश का पालन किया और चुनाव में विजय हासिल की। भाजपा के पास बहुमत होते हुए भी चुनाव ना जीत पाना ये दर्शाता है कि भाजपा के जनप्रतिनिधि भी सरकार की कार्यशैली से नाराज़ है। आज का चुनाव प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव का कारण बनेगा और आने वाले समय में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और हरियाणा प्रदेश दोबारा से नंबर एक बनेगा।

उन्होंने कहा कि अब शहर के विकास को और गति मिलेगी। नवनिर्वाचित सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर अब मेयर निखिल मदान के साथ मिलकर शहर का भरपूर विकास करवाएंगे। यह जीत लोगों का कांग्रेस पार्टी की नीतियों में और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में विश्वास का परिचायक है। 

इस दौरान विधायक सुरेन्द्र पंवार, निगम पार्षद बिजेंद्र मलिक, नीतू दहिया, सूर्या दहिया, सुरेंद्र नैय्यर, रेनू सैनी, नवीन तंवर, मोनिका नागर, राजेश दहिया, अनिल नागर, प्रवीन सैनी सहित बड़ी तादाद में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता व शहरवासियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।