विपक्ष को लोकतंत्र की नहीं, गठबंधन बचाने की चिंता : अमित शाह

कहा, उनके चरित्र को पूरा देश देख रहा है, विपक्ष ने खुद को आज बेनकाब कर दिया

विपक्ष को लोकतंत्र की नहीं, गठबंधन बचाने की चिंता : अमित शाह

नई दिल्ली : लोकसभा में ‘राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली क्षेत्र सरकार संशोधन विधेयक 2023’ चर्चा पर जवाब देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी दलों पर जबरदस्त तरीके से प्रहार किया है। अपने वक्तव्य की शुरुआत करते हुए अमित शाह ने कहा कि संसद में बहुत दिनों के बाद चर्चा हुई, देख कर अच्छा लगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल विपक्षी दलों की गठबंधन से बाहर ना हो जाए, इसलिए सभी उनके साथ खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने खुद को आज बेनकाब कर दिया है। दिल्ली राज्य नहीं है एक संघ प्रदेश है। केंद्र को कानून बनाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को ना तो देश की चिंता है और ना ही जनता की चिंता है। 

गृह मंत्री ने कहा कि उनके चरित्र को पूरा देश देख रहा है। सदन में जनता को गुमराह करने का अधिकार नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सेवा करना है तो झगड़ा करने का कोई मतलब नहीं है। शाह ने कहा कि संसद के इस सत्र में 9 विधेयक पारित किये गये हैं। विपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री को आकर इन 9 बिलों पर बात करनी चाहिए, लेकिन आज क्या हुआ? उन्हें लोकतंत्र की नहीं बल्कि अपने गठबंधन को बचाने की चिंता है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन पर दोहरा मापदंड अपना रहा है। मैं मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार हूं और मैं जवाब दूंगा। जनता सब जानती है। विपक्ष ने खुद को बेनकाब कर लिया है।