वाटर सिक्योरिटी को लेकर पीएम मोदी ने दिया जोर

बोले- जल रहेगा तभी आने वाला कल रहेगा, पानी की कमी को भविष्य के संकट के रूप में देखा जा रहा

वाटर सिक्योरिटी को लेकर पीएम मोदी ने दिया जोर

नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीसी के माध्यम से ब्रह्म कुमारियों द्वारा आयोजित जलजन अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान मोदी ने कहा कि जल रहेगा तभी आने वाला कल रहेगा। उन्होंने कहा कि मैं जब भी आपके पास आता हूं आपका स्नेह और अपनापन मुझे अभिभूत कर देता है। मोदी ने कहा कि जल जन अभियान एक ऐसे समय में शुरू हो रहा है जब पानी की कमी को भविष्य के संकट के रूप में देखा जा रहा है। इतनी बड़ी आबादी के कारण वाटर सिक्योरिटी हम सब की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जल रहेगा तभी आने वाला कल भी रहेगा और इसके लिए हमें आज से ही प्रयास करने होंगे।

मोदी ने कहा कि आजादी के अमृत काल में आज देश जल को कल के रूप में देख रहा है। उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि जल संरक्षण के संतोष को अब देश जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ा रहा है। ब्रह्म कुमारी संस्थान के इस जल जन अभियान से जन भागीदारी के इन प्रयासों को नई ताकत मिलेगी। प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण पर जडोर दिया। उन्होंने कहा कि इस से जल संरक्षण के अभियान की पहुंच भी बढ़ेगी और प्रभाव भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा कुमारियों के साथ मेरा रिश्ता बहुत खास है क्योंकि खुद पर काबू पाना और समाज को सब कुछ समर्पित करना आध्यात्मिकता खोजने का एक तरीका रहा है। समाज के लिए यह नि:स्वार्थ सेवा सभी को प्रेरित करती रहती है।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में दुनिया समझ गई है कि जल संसाधन सीमित हैं और जल सुरक्षा की आवश्यकता सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारा भविष्य पानी की उपलब्धता पर निर्भर करता है और मुझे खुशी है कि पूरा देश जल संरक्षण को एक आंदोलन के रूप में ले रहा है। उन्होंने दावा किया कि आज ना केवल गंगा साफ हो रही है बल्कि उनकी तमाम सहायक नदियां भी स्वच्छ हो रही हैं। गंगा के किनारे प्रकृतिक खेती जैसे अभियान भी शुरू हुए हैं। जल प्रदूषण की तरह ही, गिरता भू जल स्तर भी देश के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है।