साय ने शपथ ग्रहण से पहले मां से लिया आर्शीवाद और की पूजा अर्चना

मां श्रीमती जसमनी देवी साय ने अपने मुखिया बेटे को ना केवल आशीर्वाद दिया बल्कि भावुक होकर गले लगा लिया

साय ने शपथ ग्रहण से पहले मां से लिया आर्शीवाद और की पूजा अर्चना

रायपुर : श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व संभालने से पहले आज अपनी मां से आर्शीवाद लिया फिर जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना की और इसके बाद महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर जाकर माल्यार्पण किया।

श्री साय अस्थायी आवास राज्य अतिथि गृह से राजधानी के पुरैना स्थित घर पहुंचकर अपनी मां श्रीमती जसमनी देवी साय से आशीर्वाद ग्रहण किया। मां श्रीमती जसमनी देवी साय ने अपने मुखिया बेटे को ना केवल आशीर्वाद दिया बल्कि भावुक होकर गले लगा लिया। जसमनी देवी साय ने कहा कि बहुत ही कम उम्र में परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाला अब प्रदेश की कमान संभालेगा। उन्होंने श्री साय को मिठाई खिलाई।

श्री साय ने इसके बाद जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं बलराम जी की विधि-विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।श्री साय ने अवंती विहार एटीएम चौक स्थित छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रध्दासुमन अर्पित किया। इसके बाद श्री साय जय स्तंभ चौक पहुंचे और छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके मातृभूमि के प्रति समर्पण और बलिदान को नमन किया।

श्री साय ने अपने घर में स्थित पूजा घर में देवी देवताओं के दर्शन किये और अपने परिजनों के साथ पूजा में हिस्सा लिया। उनके साथ पूजा में उनकी धर्मपत्नी कौशल्या देवी ने भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने नवग्रह पूजा के साथ ही अनुष्ठान भी किया।