यादव आज छह लोकसभा क्षेत्रों में करेंगे चुनाव प्रचार

डॉ यादव सुबह उज्जैन लोकसभा क्षेत्र के उज्जैन में आयुष्मान लाभ विस्तार अभियान के तहत फार्म भरवाकर जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे

यादव आज छह लोकसभा क्षेत्रों में करेंगे चुनाव प्रचार

भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज राज्य के छह लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगे। भारतीय जनता पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार डॉ यादव पार्टी अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा के साथ सागर लोकसभा के सिरोंज में जनसभा में शामिल भी होंगे।

डॉ यादव सुबह उज्जैन लोकसभा क्षेत्र के उज्जैन में आयुष्मान लाभ विस्तार अभियान के तहत फार्म भरवाकर जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे। इसके बाद वे यहां कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उज्जैन से डॉ यादव मंदसौर लोकसभा की जावरा विधानसभा में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर लगभग एक बजे वे देवास लोकसभा क्षेत्र के आगर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

यहां से वे राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र की नरसिंहगढ़ विधानसभा के बोड़ा में जनसभा और चाचौड़ा विधानसभा के मकसूदनगढ़ में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम पांच बजे वे सागर लोकसभा के सिरोंज में श्री नड्डा के साथ जनसभा में शामिल होंगे। रात को वे भोपाल लोकसभा के नरेला विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी आलोक शर्मा के समर्थन में रोड शो करेंगे।