बिहार में आनंद विहार-कामाख्या एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, 7 बोगियां बेपटरी, 6 की मौत; 100 घायल

बिहार के बक्सर में एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया है। आनंद विहार से आ रही आनंद विहार कामाख्या नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस की छह बोगियां पटरी से उतर गई हैं। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन बक्सर से आरा के लिए बढ़ चुकी थी।

बिहार में आनंद विहार-कामाख्या एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, 7 बोगियां बेपटरी, 6 की मौत; 100 घायल

पटना : नई दिल्ली से गुवाहाटी जा रही आनंद विहार कामाख्या नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस बिहार के बक्सर में दुर्घटना की शिकार हो गई है। बक्सर के रघुनाथपुर स्टेशन के पास बुधवार रात 9:50 बजे नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 100 यात्री घायल हुए हैं। दो दर्जन लोगों की स्थिति गंभीर है। इस हादसे में चार एसी कोच पलट गए, जबकि इंजन के बाद की तीन बोगियां पटरी से उतर गई थीं। दुर्घटना की विभीषिका का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बोगियां आपस में जैसे गूथ गई हों। घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में भी परेशानी आ रही थी। बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, राहत कार्य में जुटी पुलिस ने एक और शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या पांच हो गई है।

बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, राहत कार्य में जुटी पुलिस ने एक और शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या पांच हो गई है। भोजपुर के जिलाधिकारी राजकुमार ने बताया कि दुर्घटना में 60 से 70 यात्री जख्मी हुए हैं। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने 100 के करीब यात्रियों के घायल होने की बात कही है।दुर्घटना के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। इस ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने से थोड़ी देर पहले पटना-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति, और राजेंद्रनगर अजमेर जियारत एक्सप्रेस यहां से गुजर चुकी थीं। ऐसे में तकनीकी विशेषज्ञ प्रथमदृष्ट्या प्वांइट फेल्योर का अनुमान लगा रहे हैं। प्वाइंट से ही ट्रैक बदला जाता है। हालांकि आधिकारिक रूप से यह नहीं कहा गया है। दुर्घटना के बाद ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है। ट्रेन में सवार अलीगढ़ से दार्जि¨लग जा रहे यात्री कैलाश शर्मा ने बताया कि अचानक जोरदार विस्फोट की आवाज सुनाई दी और सब कुछ उलट-पुलट हो गया।

आनंद विहार से किशनगंज जा रहे मो. नासिर ने बताया कि वे बी-7 कोच में थे। खाना खाने के बाद सो गए। कब और कैसे दुर्घटना हुई, पता नहीं। जब तेज आवाज के साथ बोगी पलट गई तब पता चला। उनके भाई अबू जैद की मृत्यु हो चुकी थी। शव बोगी में फंसा था, जिसे निकालने का प्रयास किया जा रहा था। इसी कोच के नीचे दो शव और थे। इसमें एक शव लड़की का था। शव निकालने के लिए गैस कटर का प्रयोग किया जा रहा था। पूर्व मध्य रेलवे के जीएम अनुपम शर्मा, डीआरएम जयंत कुमार चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। राहत यान, रेस्क्यू ट्रेन क्रेन और मेडिकल टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है। एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है। भोजपुर के जिलाधिकारी ने बताया कि आसपस के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। हादसे के बाद इस रूट की सभी ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोक दिया गया है। कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। वहीं, सीमांचल एक्सप्रेस दिलदार नगर में, गुवाहाटी राजधानी दानापुर में रोकी गई है। विभूति, पंजाब मेल समेत अन्य ट्रेनों को वाराणसी से ही दूसरे रूट से किउल भेजा जा रहा है। 12309 राजेंद्र नगर तेजस राजधानी व 12393 संपूर्ण क्रांति के साथ 12395 जियारत एक्सप्रेस घटना से पहले ही बक्सर से निकल चुकी थी। वहीं कई अन्य ट्रेनों को दूसरे रूट से भेजा जा रहा है। 12149 पुणे एक्सप्रेस दानापुर में खड़ी है।