नेह रंग में रंगे जन-जन के भजनलाल

इस अवसर पर कृष्ण और राधा की बृज होली और लट्ठमार होली का आयोजन भी किया गया

नेह रंग में रंगे जन-जन के भजनलाल

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक एवं रंगों का त्योहार होली सोमवार को यहां आमजन के साथ मनाया तथा उनके साथ होली खेली और उन्हें खुलकर गले लगाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित होली कार्यक्रम में श्री शर्मा ने आमजन के साथ होली खेलकर इस पर्व पर एक बार फिर खुद को आमजन का मुख्यमंत्री साबित करते हुए रंगों के इस त्योहार को और आनन्दमय बना दिया।

सुबह करीब नौ बजे शुरु हुए इस कार्यक्रम में रंग, लोकगीत और लोकनृत्यों के इस धमाल में प्रदेश में बरसों बाद ऐसा दृश्य दिखा जिसमें किसी मुख्यमंत्री ने आमजन को खुलकर गले लगाया और गुलाल-अबीर-पुष्प से होली खेली। इससे मुख्यमंत्री का आमजन से होली मिलन कार्यक्रम एक औपचारिक कार्यक्रम न रहकर एक ऐसा आयोजन बन गया जिसमें सारी औपचारिक मन बाधाएं टूट गईं और सब स्नेह रंग में एकाकार हो गए।

इस अवसर पर कृष्ण और राधा की बृज होली और लट्ठमार होली का आयोजन भी किया गया। मुख्यमंत्री लगातार चार घंटे तक सपत्नीक जनता के बीच रहे। इस दौरान भगवान कृष्ण और श्रीराम के भजनों पर लोग झूमे और मुख्यमंत्री उनका उत्साहवर्धन करते रहे। सुबह से ही मुख्यमंत्री निवास पर लोगों का तांता लगा रहा और बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बच्चे सहित सभी मुख्यमंत्री के साथ होली खेलने के लिए उमड़ पड़े और इस दौरान मुख्यमंत्री ने सादगीपूर्वक लोगों के गुलाल एवं उसका टीका लगाकर उनके साथ होली खेली। इस दौरान लोगों ने भी श्री शर्मा के गुलाल लगाकर होली मनाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों का मुंह मीठा एवं जलपान कराया वहीं ब्रज के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से मानो ब्रज को साकार कर दिया हो। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई विधायक एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री इस तरह सहज अंदाज में लोगों के साथ होली खेलने की काफी सराहना होने लगी है।