BJP ने वीडियो जारी कर हेमन्त सोरेन पर अवैध तरीके से भूखंड रखने का आरोप लगाया

पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने आरोप लगाया, ‘‘काला धन छुपाने के लिए सोरेन ने वह जमीन किसी और के नाम पर खरीदी।

BJP ने वीडियो जारी कर हेमन्त सोरेन पर अवैध तरीके से भूखंड रखने का आरोप लगाया

 झारखंड : भाजपा की झारखंड इकाई ने मंगलवार को एक वीडियो क्लिप जारी कर दावा किया कि गिरफ्तार पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास भूमि का एक टुकड़ा है, जिसे ईडी ने उन पर अवैध रूप से हासिल करने का आरोप लगाया है।

यह दावा सोरेन द्वारा झारखंड विधानसभा में भाजपा को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को साबित करने की चुनौती देने के एक दिन बाद किया गया है। सोरेन ने कहा था कि यदि आरोप साबित हो गए, तो वह राजनीति छोड़ देंगे।

ईडी ने सोरेन को कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में सात घंटे की लंबी पूछताछ के बाद 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। विपक्षी दल भाजपा द्वारा जारी 58 सेकेंड के वीडियो क्लिप में, खुद को संतोष मुंडा बताने वाले व्यक्ति को यह कहते सुना जा सकता है कि रांची जिले के बरगेन में जमीन का टुकड़ा हेमंत सोरेन का है।

‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो में दिखाए गए व्यक्ति की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है। झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘यह व्यक्ति जमीन की देखरेख करने वाला है। इलाके के सभी लोगों को पता है कि इसका (जमीन) मालिक कौन है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने आरोप लगाया, ‘‘काला धन छुपाने के लिए सोरेन ने वह जमीन किसी और के नाम पर खरीदी।’’ जब झामुमो प्रवक्ताओं से मामले में टिप्पणी के लिए संपर्क किया गया, तो उन्होंने बार-बार कॉल करने पर कोई जवाब नहीं दिया।