भाजपा की सीबीआई जांच की मांग राजनीतिक ढोंग - जदयू

बिहार जदयू के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को यहां कहा कि भाजपा नेताओं की सीबीआई जांच की मांग एक किस्म का राजनीतिक ढोंग है।

भाजपा की सीबीआई जांच की मांग राजनीतिक ढोंग - जदयू

पटना  - बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने गंगा नदी पर निर्माणाधीन सुल्तानगंज-अगुवानी महासेतु का एक हिस्सा गिरने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग को राजनीतिक ढोंग बताया और कहा कि सरकार से बाहर होने के बाद भाजपा नेता प्रदेश में बेरोजगार हो चुके हैं इसलिए खुद को व्यस्त रखने के लिए अनावश्यक विषयों को भी तूल देने की कोशिश में लगे रहते हैं।

बिहार जदयू के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को यहां कहा कि भाजपा नेताओं की सीबीआई जांच की मांग एक किस्म का राजनीतिक ढोंग है। उन्होंने कहा कि सरकार से बाहर होने के बाद भाजपा के नेता बिहार में बेरोजगार हो चुके हैं, लिहाजा ख़ुद को व्यस्त रखने के लिए अनावश्यक विषयों को भी तूल देने की कोशिश में लगे रहते हैं।

श्री कुशवाहा ने कहा कि पिछले वर्ष जब इसी पुल का एक हिस्सा ध्वस्त हुआ था तब पथ निर्माण विभाग भाजपा के पास ही था। यदि आज भाजपा वालों को लग रहा है कि इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए फिर 2022 में भी उन्होंने सीबीआई जांच की मांग क्यों नहीं की। एक ही प्रकार की दो घटना को लेकर इनका दो अलग-अलग नजरिया क्यों है। इसका अर्थ स्पष्ट है कि ये लोग सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने के लिए सीबीआई जांच का हल्ला मचा रहे हैं।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तकनीकी खराबी की वजह से पुल ध्वस्त हुआ है और तकनीक संबंधी मामलों में सीबीआई को जांच सौंपने का कोई औचित्य नहीं बनता है। यह उनके कार्यक्षेत्र का हिस्सा नहीं रहा है। लेकिन, भाजपा के बड़बोले नेताओं को इतना भी ज्ञान नहीं है। राज्य सरकार तकनीकी पहलुओं पर इसकी जांच कर रही है और जांच के बाद जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सुशासन की सरकार में किसी को भी मनमानी करने की छूट बिल्कुल नहीं है।