महिलाओं के लिए नर्क बना पाकिस्तान?

इस्लामाबाद के पार्क में महिला से किया रेप, पुलिस ने एक रेपिस्ट का स्केच किया जारी, लडक़ी की कराई मेडिकल जांच

महिलाओं के लिए नर्क बना पाकिस्तान?

इस्लामाबाद- पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के सबसे पॉश इलाके में है फातिमा जिन्ना पार्क यानी एफ-9। इसके एक तरफ दर्जनों फास्ट फूड की दुकानें हैं, दूसरी तरफ क्रिकेट ग्राउंड और उससे लगा पाकिस्तान एयरफोर्स का अस्पताल। 2 फरवरी की शाम इस पार्क में एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे देश को झकझोर दिया, लेकिन उसके बाद जो हुआ वो उससे भी घिनौना था। सिलसिलेवार तरीके से पहले पूरी घटना जानते हैं। 2 फरवरी को शाम का वक्त था। 24 साल की एक लडक़ी अपने पुरुष दोस्त के साथ एफ-9 पार्क में टहल रही थी। तभी उन्हें दो बंदूक धारी लोगों ने रोक लिया।

पुलिस के पास दर्ज लडक़ी के बयान के मुताबिक, ‘वो लोग बंदूक की नोक पर हम दोनों को पार्क में जंगल की तरफ ले गए। पूछा ये लडक़ा तुम्हारा क्या लगता है। जब मैंने जवाब दिया तो उन्होंने मुझे थप्पड़ मारा। मेरे बाल खींचे और जमीन पर पटक दिया। मेरे कपड़े फाड़े और रेप किया।इसके बाद रेपिस्टों दर्द से कराह रही लडक़ी को 1 हजार रुपए देते हुए कहा कि सूरज ढलने के बाद ऐसे पार्क में मत टहला करो। रेपिस्टों की इस सोच ने पूरे पाकिस्तान को झकझोर दिया है। केस दर्ज होने के बाद मेडिकल जांच कराई गई। इसमें गैंगरेप की पुष्टि हुई है। पुलिस ने एक आरोपी का स्केच भी जारी किया है।

इस घटना ने 22 करोड़ आबादी वाले पाकिस्तान को झकझोर दिया। महिलाएं घरों से बाहर निकल आईं। उन्होंने एफ-9 पार्क की रेलिंग में अपने दुपट्टे बांध दिए और महिलाओं की सुरक्षा के लिए तख्तियां उठाईं। उनका कहना है कि जब देश के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पार्क में ऐसा होगा, तो फिर महिलाएं कहां जाएंगी। सरकार ने मीडिया से इस खबर की कवरेज रोकने का आदेश दिया। तर्क है कि इससे पीडि़त की पहचान उजागर हो सकती है। 15 फरवरी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस्लामाबाद पुलिस के आईजी अकबर नासिर खान के मुताबिक पुलिस के हाथ अभी कोई ठोस सबूत नहीं लगे हैं। 2 फरवरी की घटना ऐसी जगह हुई जहां रोशनी नहीं थी।

पाकिस्तान में हर 2 घंटे में एक महिला से रेप

महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा के मामले में पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहद खराब है। थॉमसन रॉयटर्स फाउंडेशन के सर्वे में पाकिस्तान महिलाओं के रहने के लिए दुनिया की छठी सबसे खतरनाक जगह है। पाकिस्तानी चैनल समा टीवी की इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने पिछले साल सर्वे कर बताया कि पाकिस्तान में हर 2 घंटे में एक महिला के साथ रेप होता है। 2017 से 2021 के बीच पाकिस्तान में 21,900 महिलाओं से रेप हुआ। इसका मतलब ये है कि पाकिस्तान में औसतन हर दिन 12 महिलाओं से रेप होता है। सर्वे में शामिल लोगों का कहना है कि ये रेप का डेटा हकीकत में होने वाली घटनाओं से काफी कम है। रिपोर्ट के मुताबिक 2017 में रेप के करीब 3,327 मामले दर्ज किए गए थे। 2020 में यह संख्या 4,478 और 2021 में बढक़र 5,169 हो गई। 2022 में पाकिस्तान की 44 अदालतों में महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा के 1,301 मामलों की सुनवाई हुई। पुलिस ने 2,856 मामलों में चार्जशीट दायर की। रेप के केवल 4 प्रतिशत मामले में ही ट्रायल हुए।

हर चौथी महिला शारीरिक हिंसा का शिकार

पाकिस्तान में 10.7 करोड़ से ज्यादा महिलाओं की आबादी है। यहां यौन उत्पीडऩ के अलावा शारीरिक हिंसा की घटना भी आम है। पाकिस्तान के मानवाधिकार मंत्रालय ने 2017-2018 में एक सर्वे कर बताया कि 15 से 29 साल की लगभग 28त्न महिलाओं ने शारीरिक हिंसा का अनुभव किया है। ह्यूमन राइट्स वॉच ने 2022 में अपनी रिपोर्ट में बताया है कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के मामले में पाकिस्तान की रैंकिंग 170 देशों में से 167वें स्थान पर है।