मध्यप्रदेश : सभी 29 सीटों पर भाजपा लगातार आगे

गुना से पार्टी प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया लगभग सवा तीन लाख मतों से अपने निकटतम प्रत्याशी से आगे बने हुए हैं

मध्यप्रदेश : सभी 29 सीटों पर भाजपा लगातार आगे

भोपाल : लोकसभा चुनाव के तहत मतगणना शुरु होने के बाद चार घंटों में सामने आए रुझानों के अनुसार मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी लगातार बढ़त बनाए हुए है। इसी बीच राजगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह और छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ भी लगातार रुझानों में भाजपा प्रत्याशियों से पीछे चल रहे हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए गए सुबह लगभग 12 बजे तक आए रुझानों के अनुसार इंदौर सीट से भाजपा प्रत्याशी शंकर ललवानी सर्वाधिक लगभग पौने सात लाख से ऊपर के मतों से अन्य प्रत्याशियों से बढ़त बनाए हुए हैं। गुना से पार्टी प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया लगभग सवा तीन लाख मतों से अपने निकटतम प्रत्याशी से आगे बने हुए हैं।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा खजुराहो संसदीय क्षेत्र से अपने निकटतम प्रत्याशियों से लगभग दो लाख 80 हजार मतों से आगे बने हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा संसदीय सीट पर लगभग तीन लाख 80 हजार मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र पर भाजपा के विवेक साहू कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ से लगभग 50 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। राजगढ़ संसदीय क्षेत्र पर कांग्रेस के प्रत्याशी दिग्विजय सिंह भाजपा के रोडमल नागर से लगभग 31 हजार मतों से पीछे चल रहे हैं।

वहीं बालाघाट से भाजपा की भारती पारधी लगभग 80 हजार मतों से, बैतूल से डीडी उइके लगभग सवा दो लाख मतों से, भिंड से संध्या राय लगभग छह हजार मताें से, भोपाल से आलोक शर्मा लगभग एक लाख 34 हजार मतों से, दमोह से राहुल सिंह लोधी लगभग एक लाख 83 हजार मतों से अपने निकटतम प्रत्याशियों से बढ़त बनाए हुए हैं। देवास से पार्टी प्रत्याशी महेंद्र सिंह लोधी शुरुआत से ही अन्य प्रत्याशियों से बढ़त बनाए हुए हैं। वे सुबह 12 बजे तक लगभग दो लाख 80 हजार मतों से अपनी बढ़त बनाए हुए हैं।

धार से सावित्री ठाकुर लगभग एक लाख 17 हजार मतों से, ग्वालियर से भारत सिंह कुशवाह लगभग 40 हजार मतों से, होशंगाबाद से दर्शन सिंह चौधरी लगभग दो लाख मतों से, जबलपुर से आशीष दुबे लगभग एक लाख 66 हजार मतों से, खंडवा से ज्ञानेश्वर पाटिल लगभग सवा लाख मतों से, खरगोन से गजेंद्र पटेल लगभग 87 हजार मतों से आगे बने हुए हैं। मंडला से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते लगभग 57 हजार मतों से, मंदसौर से सुधीर गुप्ता दो लाख मतों से, मुरैना से शिवमंगल तोमर 20 हजार मतों से, रतलाम से अनिता नागर सिंह चौहान लगभग डेढ़ लाख मतों से, रीवा से जनार्दन मिश्रा 74 हजार मतों से, सागर से डॉ लता वानखेड़े दो लाख मतों से, सतना से गणेश सिंह 28 हजार मतों से, शहडोल से हिमाद्री सिंह दो लाख मतों से आगे चल रही हैं। वहीं सीधी से डॉ राजेश मिश्रा 75 हजार मतों से, टीकमगढ़ से डॉ वीरेंद्र कुमार दो लाख 65 हजार मतों से और उज्जैन से अनिल फिरोजिया एक लाख 30 हजार मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।