59 दिनों से सुलग रहा है मणिपुर

आज अपना इस्तीफा दे सकते हैं सीएम बीरेन सिंह

59 दिनों से सुलग रहा है मणिपुर

मणिपुर : मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह शुक्रवार को अपना इस्तीफा दे सकते हैं। जातीय झड़पों के बीच राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है। उम्मीद है कि वह शुक्रवार दोपहर 1 बजे मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। रिपोर्टों के अनुसार, मुख्यमंत्री बीरेन सिंह को विकल्प दिया गया था कि या तो वे अपना इस्तीफा दे दें या केंद्र हस्तक्षेप करेगा और चीजों को अपने हाथ में ले लेगा।

पिछले करीब दो महीने से मणिपुर हिंसा की आग में झुलस रहा है। मणिपुर की राजधानी इंफाल के बीचोंबीच स्थित ख्वायरमबंद बाजार में एकत्र हुई एक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। कांगपोकपी जिले में सुबह में हुई गोलीबारी में मारे गये एक व्यक्ति के शव को वहां लाया गया था और एक पारंपरिक ताबूत में रखा गया था। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी एकत्र हुए और भीड़ ने मुख्यमंत्री आवास तक ताबूत के साथ एक जुलूस निकालने की धमकी दी।

हिंसा प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के दौरे पर आए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को बिष्णुपुर जिले के मोइरांग शहर में दो राहत शिविरों में गए। पार्टी पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। गांधी सुबह करीब साढ़ नौ बजे हेलीकॉप्टर से मोइरांग पहुंचे। उन्होंने यहां प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी व्यथा सुनी।