सिरसा रोड शो में उमड़ी भीड़, नायब सैनी ने 2024 में डबल इंजन की सरकार बनने का किया दावा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले : जनता द्वारा दिए गए सम्मान को कभी कम नहीं होने दूंगा

सिरसा रोड शो में उमड़ी भीड़, नायब सैनी ने 2024 में डबल इंजन की सरकार बनने का किया दावा

चंडीगढ़ : भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी सिंह सोमवार को पहली बार सिरसा पहुंचे, जहां पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेशाध्यक्ष के सम्मान और स्वागत में भव्य रोड शो आयोजित किया गया। दिल्ली रोड से शुरू हुए रोड शो में एक खुली जीप में सवार होकर प्रदेश अध्यक्ष ने भी जनता का अभिनंदन स्वीकार किया। भव्य स्वागत से गदगद प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने कहा कि गुरुओं और पीरों की पवित्र धरती सिरसा में जो सम्मान यहां की जनता और कार्यकर्ताओं ने दिया है उसे कभी कम नहीं होने दूंगा। भव्य स्वागत से उत्साहित सैनी ने कहा कि आप लोगों के उत्साह ने बता दिया कि 2024 में केंद्र में मोदी और प्रदेश में मनोहर सरकार फिर से बन रही है।
रोड शो से पहले नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सैनी सबसे पहले डेरा बाबा भूमण शाह जी, संगर सरिस्ता गए और गद्दीनशीन गुरु महाराज बाबा ब्रह्म दास जी से आशीर्वाद लिया और गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब पहुंचकर नतमस्तक हुए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद सरसाईनाथ मंदिर में पहुंचे और भगवान से देश और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। इस मौके पर उनके साथ में प्रदेश महामंत्री डॉ पवन सैनी, सिरसा जिला के अध्यक्ष आदित्य देवी लाल, जिला प्रभारी  जींद अमरपाल राणा व अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

मोदी-मनोहर सरकार ने कल्याणकारी नीतियों से लोगों के जीवन को सरल बनाया: नायब सैनी
रोड शो के बाद सिरसा के नेहरू पार्क में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार गरीब लोगों के लिए समर्पित सरकार है। 2014 में सरकार बनने के बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंत्योदय की भावना से काम करते हुए लोगों के जीवन को सरल बनाया है। सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने देश और प्रदेश की बड़ी से बड़ी समस्याओं का समाधान किया है।