बंगाल पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 दिन के दौरे पर

नेताजी भवन में करेंगी शिरकत, नेताजी सुभाष चंद्र बोस को देंगी श्रद्धांजलि

बंगाल पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 दिन के दौरे पर

कोलकाता : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर सोमवार को कोलकाता पहुंचीं। राज्य के राज्यपाल सीवी आनंद बोस और मंत्री फिरहाद हकीम ने उनका स्वागत किया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रपति 27 मार्च (सोमवार) को नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि देने के लिए कोलकाता में नेताजी भवन जाएंगी। इसके बाद, वह गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जोरासांको ठाकुरबाड़ी - रवींद्रनाथ टैगोर के घर जाएंगी। राष्ट्रपति उसी शाम कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में उनके सम्मान में आयोजित होने वाले नागरिक स्वागत समारोह में भाग लेंगी।

28 मार्च को राष्ट्रपति मुर्मू बेलूर मठ जाएंगी। विज्ञप्ति में कहा गया कि वो कोलकाता में यूको बैंक के 80 साल पूरे होने के समारोह में भी शामिल होंगी। बाद में राष्ट्रपति शांतिनिकेतन जाएंगे जहां वह विश्वभारती के वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। 19 मार्च को राष्ट्रपति मुर्मू ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में विवेकानंद रॉक मेमोरियल का दौरा किया। राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया। कि प्रतिष्ठित विवेकानंद रॉक मेमोरियल का दौरा करना मेरे लिए एक यादगार अनुभव है। मैं स्वर्गीय एकनाथ रानाडे जी की महानता पर अचंभित हूं, जो आध्यात्मिक रूप से आवेशित परिसर के निर्माण के पीछे थे। राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले 16 मार्च से 21 मार्च तक केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के एक सप्ताह के दौरे पर थीं।