निगम में 'आप' की सरकार बनते ही सफाई कर्मचारियों को समय पर मिली तनख्वाह

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में निगम में शानदार काम होने लगे हैं

निगम में 'आप' की सरकार बनते ही सफाई कर्मचारियों को समय पर मिली तनख्वाह

नयी दिल्ली - आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा मंगलवार को कहा कि दिल्ली नगर निगम में 'आप' की सरकार बनते ही सभी सफाई कर्मचारियों को पहली तारीख को तनख्वाह मिली है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में निगम में शानदार काम होने लगे हैं। अब जनता हर जगह यही कह रही है कि जो काम 15 सालों में भाजपा कभी नहीं कर पाई, वह काम अरविंद केजरीवाल ने मात्र तीन से चार महीनों के अंदर करके दिखा दिया है। निगम में भाजपा के शासनकाल के दौरान सफाई कर्मचारियों को समय से वेतन ना मिलना एक बहुत बड़ी समस्या थी। अगर आप पिछले तीन-चार वर्षों के अखबार पढ़ेंगे तो उनमें अक्सर कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं मिलने की खबरें छपती थी।

उन्होंने कहा कि कभी 3 महीने, कभी 6 महीने, कभी 8 महीने तो कभी 10 महीनों तक सफाई कर्मचारियों को तनख्वाह मिलती ही नहीं थी। पूरी निगम भाजपा के भ्रष्टाचार में लिप्त थी। श्री केजरीवाल का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मात्र तीन महीनों में इस समस्या को खत्म कर दिया। पहली बार निगम के सभी कर्मचारियों को पहली जुलाई को तनख्वाह मिली है। इससे पहले समय पर तनख्वाह ना मिलने के कारण कर्मचारियों को जगह-जगह धरना देना पड़ता था। 15 सालों में भाजपा इस समस्या का समाधान नहीं कर पाई।

आप नेता ने कहा कि भाजपा के शासनकाल के दौरान अक्सर लोग शिकायत करते थे कि दिल्ली बहुत गंदी है, दिल्ली में साफ सफाई नहीं होती है। आप उस कर्मचारी से सफाई की अपेक्षा कैसे कर सकते हो जिसको कई-कई महीनों से तनख्वाह ना मिली हो। जब तक उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलेगा, उन्हें सम्मान नहीं मिलेगा, उनसे किसी भी काम की अपेक्षा कैसे की जा सकती है।