राज्यपाल ने राधाकृष्ण आर्य को रेडक्रॉस मैनेजिंग कमेटी सदस्य के रूप में किया मनोनीत

राधाकृष्ण आर्य रेडक्रॉस हरियाणा के मैनेजिंग कमेटी सदस्य मनोनीत, समाज सेवा के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया उन्हें सम्मानित पद, महर्षि दयानंद सरस्वती का अमर ग्रंथ सत्यार्थ प्रकाश राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को भेंट कर किया आभार व्यक्त

राज्यपाल ने राधाकृष्ण आर्य को रेडक्रॉस मैनेजिंग कमेटी सदस्य के रूप में किया मनोनीत

चंडीगढ़ ; आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के वर्तमान में प्रधान और वरिष्ठ समाजसेवी राधाकृष्ण आर्य को हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने रेडक्रॉस हरियाणा की मैनेजिंग कमेटी का सदस्य मनोनीत किया है। सदस्य मनोनीत किए जाने पर आर्य प्रतिनिधि सभा प्रधान राधाकृष्ण आर्य राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय का आभार व्यक्त करने राजभवन हरियाणा पहुंचे। 

इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय को महर्षि दयानंद सरस्वती का अमर ग्रंथ सत्यार्थ प्रकाश भेंट किया और लोगों की सेवा में निरंतर कार्य कर रही संस्था रेडक्रॉस हरियाणा का मैनेजिंग कमेटी का सदस्य मनोनीत करने पर धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय द्वारा दी गई है, वे इसे पूरी कर्तव्य निष्ठा और लगन से निभाएंगे। इस अवसर पर आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा द्वारा प्रदेश भर में करवाए जा रहे कार्यों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने उन्हें उत्कृष्ट कार्यों और सदस्य मनोनीत होने पर शुभकामनाएं दी। राधाकृष्ण आर्य ने कहा कि इससे पूर्व में भी आर्य प्रतिनिधि सभा प्रधान के रूप में उन्हें राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय से मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त होता रहा है। 

गौरतलब है कि राधाकृष्ण आर्य वर्तमान में आर्य प्रतिनिधि सभा प्रधान के रूप में लगातार गुरुकुल शिक्षा पद्धति, गोरक्षा एवं गौ संरक्षण, वेद प्रचार और महर्षि दयानंद सरस्वती की शिक्षाओं के प्रचार प्रसार कार्य में दिन रात लगे हैं और इससे पूर्व में भी वे विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के साथ जोडक़र उत्कृष्ट कार्य करते रहे हैं। वे पिछले 35 वर्षों से आर्य वीर दल से जुड़े रहे हैं। रेडक्रॉस हरियाणा की जिस कमेटी में उन्हें राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय द्वारा सदस्य मनोनीत किया गया है। उस कमेटी के चेयरमैन राज्यपाल होते हैं और प्रदेशभर में रेडक्रॉस हरियाणा के कार्य को बेहतरी से संचालित करने के लिए समय-समय पर मीटिंग का आयोजन किया जाता है।

जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री, सभी जिलों के जिला उपायुक्त एवं अन्य सभी महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल रहते हैं। मीटिंग के माध्यम से रेडक्रॉस हरियाणा की गतिविधियों, कार्यों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया जाता है और भविष्य की योजनाएं बनाई जाती हैं। जिससे रेडक्रॉस हरियाणा के माध्यम से जन-जन की सेवा हो सके।