भारत वास्तव में तभी विकसित होगा जब पीछे छूट गए लोग मुख्यधारा में शामिल होंगे

गौतम बुद्ध नगर जिला स्थित ग्रेटर नोएडा के जुनेदपुर गांव में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में भाग लेने के दौरान नड्डा ने यह बात कही

भारत वास्तव में तभी विकसित होगा जब पीछे छूट गए लोग मुख्यधारा में शामिल होंगे

 भारत : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत वास्तव में तभी विकसित होगा जब विकास की दौड़ में पीछे छूट गये लोग मुख्यधारा में शामिल होंगे।

गौतम बुद्ध नगर जिला स्थित ग्रेटर नोएडा के जुनेदपुर गांव में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में भाग लेने के दौरान नड्डा ने यह बात कही। उन्होंने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी मुलाकात की।

नड्डा ने कहा, ‘‘देश के अत्यंत गरीब लोगों का विकास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण में निहित है। भारत सही मायनों में तभी विकसित होगा जब विकास की दौड़ में पीछे छूट गए लोग विकास की मुख्यधारा में शामिल होंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए देश के सभी नागरिक स्वस्थ होने चाहिए और उन्हें रोजाना के कामकाज के लिए बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए। साथ ही, उन्हें सारी जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए और संविधान द्वारा प्रदत्त सभी अधिकार भी उन्हें मिलने चाहिए।’’

कार्यक्रम में, गौतम बुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा सहित पार्टी के अन्य नेता भी उपस्थित थे। इसके बाद नड्डा ने ग्रेटर नोएडा के दनकौर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।