भारतीय तटरक्षक बल ने 10 सदस्यों वाली संकटग्रस्त मछली पकडऩे वाली नाव को बचाया

नाव को चालक दल सहित आज विशाखापत्तनम में मत्स्य पालन विभाग को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया

भारतीय तटरक्षक बल ने 10 सदस्यों वाली संकटग्रस्त मछली पकडऩे वाली नाव को बचाया

विशाखापत्तनम : भारतीय तट रक्षक जहाज (आईसीजीएस) आयुष ने विशाखापत्तनम से 83 मील पूर्व में संकटग्रस्त मछली पकडऩे वाली नाव आईएफबी गणपति पेरुमल को चालक दल के 10 सदस्यों के साथ बचाया। नौसेना की एक विज्ञप्ति में गुरुवार को यह जानकारी दी। मछली पकडऩे वाली नाव गणपति पेरुमल (मंजू मठ), जो 24 अगस्त, 2023 को कासिमेडु बंदरगाह से मछली पकडऩे के लिए निकली थी और तकनीकी खराबी के कारण 1 सितंबर 2023 से लगातार बह रही थी।

तटरक्षक जहाजों और एयर क्राफ्ट द्वारा सतह/वायु समन्वित खोज में विशाखापत्तनम से 83 मील की दूरी पर नाव का पता चला। एमआरसीसी चेन्नई ने पास के व्यापारिक जहाज एमवी जग राधा से तटरक्षक जहाज के आने तक नाव की निगरानी करने का अनुरोध किया। आईसीजीएस आयुष बुधवार तडक़े स्थान पर पहुंचे, आवश्यक रसद, चिकित्सा सहायता प्रदान की और नाव को निकटतम बंदरगाह विजाग तक खींच लिया। नाव को चालक दल सहित आज विशाखापत्तनम में मत्स्य पालन विभाग को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।